सूरत

अय्यप्पा मंदिर में भागवत कथा से धार्मिक हुआ माहौल

41 दिवसीय मंडल महोत्सव

सूरतDec 05, 2018 / 10:46 pm

Sunil Mishra

अय्यप्पा मंदिर में भागवत कथा से धार्मिक हुआ माहौल


सिलवासा. अय्यप्पा मंदिर में चल रहे 41 दिवसीय मंडल महोत्सव में भागवत कथा चल रही हैं। भागवत वाचन के लिए केरल से कथा वाचक आए हैं। मंदिर में सवेरे पल्लीयुनर्तल, अभिषेक, गणपति हवन, मध्यान्ह पूजन के बाद दोपहर को भागवत कथा होती है।
अय्यप्पा सेवा संगठन के प्रेसिडेंट ए राजेन्द्रन् ने बताया कि भागवत कथा 8 दिसम्बर तक चलेगी। इसके बाद 23 दिसम्बर सेविशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। 27 दिसम्बर तक चलने वाले इस महोत्सव में दानह के अलावा वापी, वलसाड एवं आसपास से श्रद्धालु हिस्सा पहुंच रहे हंै। 23 दिसम्बर को गणपति आराधना, अष्टद्रव्य महागणपति हवन 24 दिसम्बर को सरस्वती आराधना, ललिता सहस्त्रनामार्चना, 25 दिसम्बर को नवग्रह आराधना 26 दिसम्बर को समूह सहस्त्रनामार्चना तथा 27 दिसम्बर को आमली गायत्री मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों के कारण धार्मिक माहौल बना हुआ है।

बादल छाने से तापमान में गिरावट
सिलवासा. दिसम्बर के आरम्भ से मौसम में बदलाव आया है। दिन में नीले आसमान में धूप-छाया का खेल बढ़ गया है। मंगलवार सवेरे सफेद पतले बादल छाए रहे। मौसम बदलाव से तापमान में अप्रत्याशित कमी आई है, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है। दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री तथा न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। ग्रामीण इलाकों में सर्दी के साथ भोर में कोहरा बढ़ गया है। ठंड बढऩे से स्कूलों में विद्यार्थी व कामकाजी लोग गर्म कपड़े पहनकर घरों से निकले। सुबह-शाम को सर्दी के कारण बाजारों में भीड़ कम होने लगी है। रात को ओस गिरने लगी है। शाम को लोग घरों पर जल्दी पहुंचने लगे हैं। खानवेल, मांदोनी, सिंदोनी, रूदाना में सर्दी ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिन से उत्तर भारत के पहाड़ों पर सर्दी बढऩे से तापमान में कमी आई है। अगले सप्ताह तक सर्दी और बढऩे के आसार हैं। तापमान गिरने से किसानों के चेहरों पर खुशी लौटी है।
स्ट्रीट लाइट का समय बदलने की मांग
सिलवासा. शीत ऋतु में शहर की सडक़ों पर लगी स्ट्रीट लाइट जल्दी बंद होने से लोग नाराज हैं। दिन छोटे हो रहे हैं, जबकि रातें बड़ी हो रही हैं। सवेरे साढ़े छह बजे तक सडक़ों पर गहरा अंधेरा रहने लगा है। मौसम बदलने के बावजूद स्ट्रीट लाइट निर्धारित समयानुसार शाम को सात बजे से सवेरे 6 बजे तक जलती हैं। सर्दी में सुबह शाम दोनों वक्त जल्दी अंधेरा होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। स्ट्रीट लाइट का संचालन ऊर्जा निगम के अधीन है, जबकि मेंटीनेंंस व विद्युत बिल का भुगतान नगरपालिका करती है। दिसम्बर एवं जनवरी में रातें बड़ी होने से स्ट्रीट लाइट के चालू करने का समय बढ़ाने की जरूरत है। इन माह में 6 बजे सूर्यास्त होने लगता है। लोगों की मांग है कि नगरपालिका एवं ऊर्जा निगम दिसम्बर एवं जनवरी माह में स्ट्रीट लाइट शाम के साढ़े 6 बजे से भोर में साढ़े 6 बजे तक चालू रखें। जल्दी बंद होने से मॉर्निंग वाक के लिए महिलाएं घरों से समय पर नहीं निकल पाती हैं। अंधेरे के कारण अपराधियों को भी अवसर मिल जाता है।

Home / Surat / अय्यप्पा मंदिर में भागवत कथा से धार्मिक हुआ माहौल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.