सूरत

SILWASA NEWS: जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक प्रधान अयोग्य घोषित

-तय अवधि में नहीं दिया नोटिस का जवाब

सूरतSep 22, 2021 / 05:35 pm

Dinesh Bhardwaj

SILWASA NEWS: जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक प्रधान अयोग्य घोषित

सिलवासा. संघ प्रदेश दादरा नगर हवेली की राजनीति में बुधवार को जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक प्रधान को अयोग्य घोषित किए जाने से भूचाल आ गया है। प्रधान को दिए गए कारण बताओ नोटिस का 20 सितम्बर तक जवाब नहीं देने की स्थिति में पंचायत सचिव ने उन्हें अयोग्य घोषित किए जाने के आदेश जारी किए है।
संघ प्रदेश के पंचायत सचिव ने जारी आदेश में दादरा नगर हवेली जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक प्रधान को अयोग्य घोषित कर दिया है और जिला पंचायत उपाध्यक्ष का पद अब रिक्त हो गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार दीपक प्रधान विभागीय कार्यो में रूचि नहीं ले रहे थे और उन्हें इस कारण से गत एक सितम्बर को कारण बताओ नोटिस दिया गया था। नोटिस का जवाब प्रधान को 20 सितम्बर तक देना था मगर नियम अवधि तक नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर पंचायत सचिव ने यह कार्रवाई की है। प्रधान अब सिर्फ जिला पंचायत सदस्य बने रहेंगे। दानह जिला पंचायत में कुल 20 सीट हैं, जिसमें जनता दल यू ने 18 सीटें जीतकर पंचायत पर कब्जा हासिल किया था। दीपक प्रधान रखोली सीट से जनता दल यू के निशान पर विजयी हुए थे। जिला पंचायत में प्रमुख निशा भांवर राजनीति में दक्ष एवं निपुण नहीं होने से दीपक प्रधान के नेतृत्व में सभी महत्त्वपूर्ण फैसले लिए जाते थे।

रिक्त सीटों पर चुनाव


कौंचा पंचायत के वार्ड संख्या 8 व गलोंडा पंचायत के वार्ड संख्या 3 के वार्ड सदस्य की मौत के बाद यह सीट खाली हैं। चुनाव आयोग ने इन सीटों पर दोबारा चुनाव कराने की तिथि 18 अक्टूबर घोषित कर दी है। इन वार्डो में चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी 28 सितम्बर तक नामांकन भर सकते हैं। 29 सितम्बर का नामांकन पत्ऱों की छंटनी होगी तथा एक अक्टूबर तक नामांकन वापिस लिए जा सकेंगे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.