scriptआग बरसा रहे सूर्यदेव, लोग बेहाल | Sun-burning people, people are helpless | Patrika News

आग बरसा रहे सूर्यदेव, लोग बेहाल

locationसूरतPublished: May 30, 2019 09:04:46 pm

Submitted by:

Sunil Mishra

तापमान 40 डिग्री के पार

patrika

आग बरसा रहे सूर्यदेव, लोग बेहाल


सिलवासा. चालू सप्ताह में तापमान में हुई अप्रत्याशित वृद्धि से आमजन परेशान हैं। एक बार फिर सूर्यदेव के तेवर तीखे हो गए हैं। सूर्य उदय होते ही आकाश में हल्के बादलों के बीच चिलचिलाती धूप की चुभन लोगों को सताने लगती है। दिन चढऩे के साथ सूर्य की किरणें आग बरसाती हैं। प्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। धूप व लू से बचाव के लिए लोग घरों में ही रहना मुनासिब समझते हंै।
patrika
अगले दो दिन गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं
दादरा नगर हवेली के जंगल और पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में तेजी से वृद्धि हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। खानवेल, मांदोनी, सिंदोनी, आंबोली, खेरड़ी में भी तापक्रम 40 डिग्री पहुंच गया है। धूप और लू से जंगल की वनस्पतियां दम तोड़ चुकी हैं। गांवों में झरने व तालाब सूख गए हैं। साकरतोड़ नदी में पानी तलछट के रूप में बचा है। लुहारी में पानी का संकट और बढ़ गया है। इस विस्तार के सभी बस्तियों में भूमिगत जल पाताल में चला गया है। बोरवेल में पानी नहीं रहा। उद्योग परिसरों में धूप और गर्मी की चिपचिपाहट अधिक है। तेज धूप से बचने के लिए लोग तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। घर से बाहर निकलने से पहले पानी की बोतल, तन पर पूरे कपड़े, खासकर महिलाएं मुंह पर चुन्नी लपेटे व छाते के साथ नजर आई। चालू सप्ताह में रात के तापमान में 4 डिग्री तक वृद्धि हुई है। प्रदेश में गुरुवार सुबह आकाश में बादल दिखे, लेकिन चढ़ते दिन के साथ धूप बढऩे से लोग पसीने से तरबतर नजर आए। दोपहर को सोसायटियों में सन्नाटा पसरा रहा।

ट्रेंडिंग वीडियो