SURAT BJP NEWS: भाजपा का संकल्प स्मार्ट सूरत, डवलप सूरत
सूरत महानगरपालिका चुनाव में भाजपा ने पांच वर्ष के शहर विकास की रूपरेखा अपने चुनावी संकल्प पत्र में बताई

सूरत. अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट के समान सूरत में तापी रिवरफ्रंट भाजपा की तरफ से सुरतीयों को ऐसा नायाब तोहफे के रूप में मिलेगा, जिससे स्मार्ट सूरत, डवलप सूरत की सूरत और अधिक लुभावनी नजर आएगी। यह बात बुधवार शाम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सूरत महानगरपालिका चुनाव में भाजपा के संकल्प पत्र को पढ़कर सुनाते हुए कही। वे उधना मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पाटिल ने वार्ता में बताया कि गत ढाई दशक अर्थात 25 सालों से सूरत शहर की जनता भाजपा की विकास नीति पर भरोसा जताती रही है और पार्टी भी उनके भरोसे पर खरा उतरते हुए सूरत शहर के विकास को देश ही नहीं बल्कि दुनिया के मानचित्र तक पहुंचाने का कार्य लगातार कर रही है। बीते 25 वर्षों के दौरान भाजपा शासन में अनगिनत उपलब्धियां सूरत शहर को मिली है और यह क्रम आगे भी बरकरार रखने के उद्देश्य से भाजपा स्मार्ट सूरत, डवलप सूरत का संकल्प पत्र लेकर सूरत महानगरपालिका चुनाव में जनता के पास पहुंच रही है। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के अलावा सूरत महानगर इकाई अध्यक्ष निरंजन झांझमेरा, सांसद दर्शना जरदोष, विधायक अरविंद राणा, संगीता पाटिल, प्रवीण घोघारी, चुनाव प्रभारी डॉ. जगदीश पटेल, राजेश देसाई समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
-यह किए नए वादे
सड़क, पानी, बिजली, गार्डन, शांतिकुंज, स्कूल की प्राथमिक सुुविधाओं के साथ-साथ 33 किमी लम्बे तापी रिवरफ्रंट के निर्माण से तापी नदी के सौंदर्यीकरण, जलकुंभी से मुक्ति, नए रोजगार के अवसर का वादा भाजपा ने संकल्प पत्र में किया है। इसके अलावा 50 हजार की आबादी पर एक स्वास्थ्य केंद्र, शहरीजनों को मीठा पानी उपलब्ध कराने के लिए डुमस रोड हवेली से भाठा गांव तक तापी नदी पर मल्टीपर्पज कन्वेंशनल बैरेज निर्माण, डुमस समुद्र तट के निकट ईको ट्यूरिज्म पार्क, बीआरटीएस व सिटी बस सेवा में बढ़ोत्तरी, मेट्रो रेल, सोलर प्रोजेक्ट का विस्तार, राजमार्ग को हेरीटेज वे समेत अन्य कई नए वादे भाजपा के संकल्प पत्र में शामिल है।
अब पाइए अपने शहर ( Surat News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज