SURAT KAPDA MANDI: फोस्टा की नवगठित कार्यकारिणी ‘जम्बो’ होने के आसार
सूरतPublished: Jul 10, 2023 09:12:31 pm
- 21 पदाधिकारियों के अलावा एक दर्जन से ज्यादा समितियों का किया जाएगा गठन
- बड़े पैमाने पर शपथग्रहण समारोह आयोजित किए जाने की चल रही तैयारियां


SURAT KAPDA MANDI: फोस्टा की नवगठित कार्यकारिणी ‘जम्बो’ होने के आसार
सूरत. बीते कल तक हजारों कपड़ा व्यापारियों का संगठन फोस्टा तीन -चार जनों में सिमटा हुआ था, जम्बो रूप धारण कर सकता है। फैडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) के दो अहम पदों की औपचारिक घोषणा एक-दो दिन में हो सकती है, जबकि जम्बो कार्यकारिणी गठित होने में कुछ समय लग सकता है। प्राथमिक स्तर पर मिली जानकारी में नवगठित फोस्टा कार्यकारिणी में 21 पदाधिकारी हो सकते हैं। इसके अलावा एक दर्जन से ज्यादा समितियों का भी गठन किया जाएगा, जिनमें हाल ही में निर्वाचित उम्मीदवारों के अलावा सूरत कपड़ा मंडी के अन्य व्यापारियों को भी अच्छी संख्या में शामिल किया जा सकता है।फोस्टा के चुनाव शनिवार रात्रि में सम्पन्न हुए। इसमें विकास पैनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 41 सीटों पर बेहतर परिणाम के साथ जीत दर्ज की थी। फोस्टा चुनाव पूरे होने के साथ ही सोमवार को सूरत कपड़ा मंडी खुलते ही नई कार्यकारिणी के गठन की चर्चा ने जोर पकड़ लिया। अटकलों के बीच पता चला कि फोस्टा की नवगठित कार्यकारिणी का स्वरूप जम्बो स्तर पर हो सकता है। इसमें 21 पदाधिकारियों को शामिल किया जा सकता है। हालांकि बीते दो दिन से नवनिर्वाचित सदस्य अलग-अलग जगहों पर सम्मान समारोहों में व्यस्त हैं, लेकिन औपचारिक स्तर पर कार्यकारिणी गठन, समितियों का निर्धारण व शपथग्रहण समारोह की तैयारियां भी होने लगी है। संगठन सूत्रों की मानें तो फोस्टा के नए अध्यक्ष व सचिव पद की औपचारिक घोषणा अगले एक-दो दिन में की जा सकती है, जिनके नाम पहले से ही कैलाश हाकिम व दिनेश कटारिया के रूप में तय हैं।