सूरत

क्या हुआ वादा, कहां हैं हमारे स्कूल बैग..!

शैक्षणिक सत्र पूरा होने को आया है, समिति के हजारों विद्यार्थी बैग से वंचित..!

सूरतFeb 05, 2018 / 10:42 pm

Divyesh Kumar Sondarva

सूरत. नगर प्राथमिक शिक्षा समिति स्कूलों की पहली कक्षा में पढऩे वाले विद्यार्थी सालभर बाद भी स्कूल बैग का इंतजार कर रहे हैं। शैक्षणिक सत्र 2017-18 पूर्ण होने की कगार पर है, लेकिन प्रथम कक्षा में प्रवेश लेने वाले हजारों विद्यार्थी आज भी स्कूल बैग से वंचित है। विद्यार्थियों को बैग कब मिलेगें, यह भी तय नहीं है।

नगर प्राथमिक शिक्षा समिति ने प्रथम कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रवेशोत्सव का आयोजन किया था। 15 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने प्रथम कक्षा में प्रवेश लिया था। प्रवेशोत्सव के दौरान कई स्कूलों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा नेता, मनपा अधिकारी, समिति अधिकारी और अन्य कई सरकारी अधिकारियों की उपस्थिति में प्रथम कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कुछ विद्यार्थियों को शिक्षा किट प्रदान की गई थी। इसमें बैग, किताबें, कम्पास बॉक्स के अलावा अन्य चीजें शामिल थीं। कार्यक्रम के बाद स्कूलें शुरू होने पर बाकी विद्यार्थियों को शिक्षा किट दी जाने वाली थी, लेकिन आज तक हजारों विद्यार्थी शिक्षा किट से वंचित हैं। हजारों बच्चों को स्कूल बैग अब तक नहीं मिला है।

विवाद को लेकर अटके
बच्चों को जो स्कूल बैग दिए गए थे, वह ठेके पर बनवाए गए थे। पहले जो बैग दिए गए, उनकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हुए। ठेकेदार पर पेनल्टी लगाई गई। बैग पर नेताओं के फोटो भी थे। इस पर भी विवाद हुआ। साथ ही ठेकेदार ने बैग देने में काफी समय लगाया। इन सभी कारणों को लेकर हजारों बच्चे बैग से वंचित हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर राज्यभर में आचार संहिता लागू हो गई थी। बैग पर मुख्यमंत्री के फोटो थे। इसलिए भी शासक पक्ष ने तब बैग का वितरण नहीं किया।
 

वंचित हैं हजारों
स्कूल बैग से हजारों विद्यार्थी वंचित हैं। इसके लिए समिति का शासक पक्ष जिम्मेदार है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन शासक पक्ष बैग मुहैया नहीं करवा पा रहा है।
सुरेश सुहागिया, सदस्य, नगर प्राथमिक शिक्षा समिति, विपक्ष
 

जांच होगी
शिकायत मिली है कि विद्यार्थियों को स्कूल बैग नहीं मिले हैं। क्यों नहीं मिले, बैग कहां अटक गए, इसकी जांच कर जल्द विद्यार्थियों तक बैग पहुंचा दिए जाएंगे।
हसमुख पटेल, प्रमुख, नगर प्राथमिक शिक्षा समिति

Home / Surat / क्या हुआ वादा, कहां हैं हमारे स्कूल बैग..!

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.