पुलिस और न्यू सिविल अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार भेस्तान एसएमसी आवास निवासी सत्रह वर्षीय किशोर को पिछले कुछ दिनों से असलम कालिया उसे परेशान कर रहा था। असलम ने बुधवार शाम को सात बजे किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें चाकू किशोर के जांघ में अंदर के हिस्से में लगा। इसके बाद असलम और उसके साथी फरार हो गए। परिजन घायल किशोर को उपचर के लिए गुरुवार सुबह न्यू सिविल अस्पताल लेकर आए। सीएमओ डॉ. आर. डी. बर्मन ने किशोर को प्राथमिक उपचार दिया।
यहां किशोर ने चिकित्सकों को बताया कि असलम और उसके साथ से उसका झगड़ा हुआ और उसने चाकू मारा है। असलम उसे कुछ दिनों से ड्रग्स लेने तथा चोरी करने के लिए उकसा रहा था। लेकिन, उसने ड्रग्स लेने तथा चोरी करने से मना कर दिया। इसलिए असलम ने किशोर को डराने के लिए झगड़ा करके चाकू मारा है। परिजनों ने बताया कि वह इस मामले को बढ़ाना नहीं चाहते हैं। डिंडोली पुलिस ने इस घटना के संदर्भ में कोई जानकारी होने से इनकार किया है।