सूरत

अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने उमड़ा जनसैलाब

घाटों पर श्रद्धा-भक्ति का उमड़ा ज्वार

सूरतNov 13, 2018 / 08:09 pm

Sunil Mishra

अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने उमड़ा जनसैलाब


वापी. लोक आस्था के महापर्व छठ पर मंगलवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अघ्र्य देने के लिए नदी और तालाबों पर जनसमूह उमड़ पड़ा। हजारों व्रतियों ने संतान की सलामती तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सोमवार को खरना के पश्चात उपवास करने वाले व्रतियों ने मंगलवार को नदी एवं तालाब के जल में खड़े रहकर सूप में पूजन सामग्री तथा प्रज्ज्वलित दीप के साथ भगवान भास्कर को जल चढ़ाया। इस दौरान उनके साथ आई अन्य महिलाएं छठ मइया के पारंपरिक लोकगीतों से पूरे माहौल में उत्साह का रंग भर रही थीं। इससे पूर्व व्रतियों ने वेदी पूजा भी की। वहीं छठ मइया से मांगी मन्नत पूरी होने के बाद कुछ श्रद्धालु लेटते हुए घाटों तक पहुंच रहे थे। पथरीली राह और खाइयां भी उनके उत्साह और हौसले को कम नहीं कर पा रहे थे। राता में नदी तट पर भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु सूर्य देवता की पूजा करने पहुंचे। रास्ते भर लोग गीत गाते हुए घाटों तक पहुंच रहे थे। दमणगंगा नदी तट पर छठ पूजा मनाने के लिए हुजूम उमड़ा। लोग बुधवार सुबह फिर से घाट पर आएंगे और उदीयमान सूर्य को अघ्र्य देकर पर्व संपन्न करेंगे।
सामाजिक संगठनों ने की व्यवस्था
दमणगंगा नदी तट पर बिहार वेलफेयर एसोसिएशन और राता नदी तट पर बिहार मित्र मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट तथा हरिया पार्क खाड़ी के किनारे नवदुर्गा सेवा ट्रस्ट जैसे सामाजिक संगठनों ने लोगों के लिए पानी, रोशनी, जलपान सहित अन्य व्यवस्थाएं की थी। बिहार मित्र मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के एसएन सिंह ने बताया कि यहां रह रहे प्रवासियों को सामूहिकरूप से पर्व मनाने के लिए ट्रस्ट की ओर से यथासंभव व्यवस्थाएं की जाती हैं। उन्होंने इस प्रयास में राता, छीरी पंचायतों समेत सामाजिक अग्रणियों द्वारा दिए गए सहयोग के प्रति आभार जताया। इस दौरान छीरी के सरपंच पति नुरुद्दीन चौधरी, राता के सरपंच मितेश पटेल, उत्तर भारतीय सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष पप्पू तिवारी, उत्तर भारतीय सेवा संघ अध्यक्ष मुकेश सिंह समेत कई लोगों ने यहां पहुंचकर छठ व्रतियों को पर्व की शुभकामना दी। बिहार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष बिपुल सिंह ने कहा कि दमणगंगा नदी तट पर हजारों श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधा के साथ भगवान को अघ्र्य दे सकें, इसके लिए हर जरूरी सेवाएं देने का प्रयास किया जाता है। इस दौरान ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. केपी सिन्हा समेत अन्य सदस्य भी मौजूद थे। दमणगंगा नदी किनारे हरिया पार्क में भी हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भास्कर को अघ्र्य दिया। नवदुर्गा सेवा ट्रस्ट की ओर से यहां लोगों की सुविधा के लिए प्रबंध किया गया था।
अन्य संस्थाओं ने भी दिया सहयोग
छठ पूजा में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच किसी तरह की असुविधा से बचने के लिए पुलिस के साथ मिलकर अन्य संस्थाओं ने भी सहयोग दिया। दमण गंगा नदी तट पर ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर नदी घाट तक श्रद्धालुओंं की सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान तैनात रहे। इसके साथ ही पुलिस समन्वय टीम के राजेश शर्मा और उनकी टीम भी मौके पर मौजूद रही। नदी किनारे इंडियन डिजास्टर रेस्क्यू रिस्पोन्डर कॉप्र्स के सदस्य भी मौजूद रहे। टीम के सदस्य लाइफ जैकेट और बोट के साथ पूरी तैयारी के साथ तैनात दिखे। इसके अलावा इस बार मेडिकल स्टॉल भी लगाया गया था। जहंा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई थी।

Home / Surat / अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने उमड़ा जनसैलाब

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.