scriptपहले दीवार से सिर फोड़ा और फिर पति का गला घोंट दिया | The wife first boiled the head on wall and then strangled her husband | Patrika News

पहले दीवार से सिर फोड़ा और फिर पति का गला घोंट दिया

locationसूरतPublished: Sep 19, 2018 09:59:25 pm

Submitted by:

Dinesh M Trivedi

कतारगाम क्षेत्र में वारदात से सनसनी, आरोपित पत्नी हिरासत में

patrika

पहले दीवार से सिर फोड़ा और फिर पति का गला घोंट दिया

सूरत. कतारगाम इलाके में कामकाज नहीं करने को लेकर हुए विवाद में एक विवाहिता ने अपने पति की गला घोंट कर हत्या कर दी। बुधवार दोपहर यह मामला सामने आने पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कतारगाम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस निरीक्षक डी.के. राठौड़ ने बताया कि कतारगाम आंबा तलावड़ी सोनलपार्क सोसायटी निवासी शिल्पा पानसुरिया ने बुधवार सुबह अपने पति अशोक बाबू पानसुरिया (38) की गला घोंट कर हत्या कर दी। अशोक पहले रामपुरा क्षेत्र के हीरा कारखाने में काम करता था, लेकिन पिछले चार महीने से बेरोजगार था। काम पर नहीं जाने को लेकर उसका अक्सर पत्नी से विवाद होता था। बुधवार सुबह भी विवाद हुआ।
अशोक ने शिल्पा पर हमला किया तो उसने उसे धकेल दिया। अशोक का सिर दीवार से टकरा जाने से फट गया। बाद में शिल्पा ने गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। करीब साढ़े ग्यारह बजे उसने अशोक के भाई डभोली चार रास्ता गायत्री सोसायटी निवासी नवीन पानसुरिया को फोन किया और बताया कि अशोक नींद से नहीं जाग रहा है।
नवीन वहां पहुंचा तो अशोक के सिर में चोट देख कर उसे संदेह हुआ। उसने पुलिस को सूचना दी। अशोक के सिर के अलावा गले पर भी निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए स्मीमेर अस्पताल भिजवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने नवीन की प्राथमिकी के आधार पर शिल्पा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।

एक-दूसरे से अलग भी हुए थे


अमरेली जिले के बामणिया गांव के मूल निवासी अशोक की शादी सोलह साल पहले शिल्पा से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। चार-पांच महीने पहले अशोक ने कामकाज करना छोड़ दिया था और शराब पीने लगा था। घर खर्च के लिए रुपए नहीं होने के कारण अक्सर पति-पत्नी में विवाद होता था। इसको लेकर दोनों अलग हो गए थे, लेकिन सामाजिक दखल के बाद कुछ समय पहले ही दोनों में समझौता हुआ और वह फिर साथ रहने लगे थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो