scriptतिरंगे के साथ सेल्फी लेकर खुश होते दिखे यात्री | Travelers happy to take shelter with Tricolor | Patrika News

तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर खुश होते दिखे यात्री

locationसूरतPublished: Jan 25, 2019 11:41:08 pm

सूरत रेलवे स्टेशन पर सौ फीट ऊंचे तिरंगे का उद्घाटन शुक्रवार को सूरत सांसद और महापौर ने स्थानीय अधिकारियों के साथ..

Travelers happy to take shelter with Tricolor

Travelers happy to take shelter with Tricolor

सूरत।सूरत रेलवे स्टेशन पर सौ फीट ऊंचे तिरंगे का उद्घाटन शुक्रवार को सूरत सांसद और महापौर ने स्थानीय अधिकारियों के साथ किया। नवसारी सांसद को कार्यक्रम में निमंत्रण नहीं दिया था। हालांकि बाद में रेलवे अधिकारी उन्हें बुलाने दूसरे कार्यक्रम में पहुंचे लेकिन, उन्होंने आने से मना कर दिया। कार्यक्रम पूरा होने के बाद स्टेशन आने वाले ज्यादातर यात्री तिरंगे के साथ सेल्फी लेते हुए दिखाई दिए।


पश्चिम रेलवे के ए-1 श्रेणी के नौ रेलवे स्टेशनों पर शुक्रवार को सौ फीट ऊंचा तिरंगा फहराने का कार्य पूरा कर लिया गया। मुम्बई रेल मंडल में पांच रेलवे स्टेशनों पर तिरंगा झंडा फहराया गया है। इसमें मुम्बई सेंट्रल, बान्द्रा टर्मिनस, अंधेरी, बोरीवली और सूरत स्टेशन शामिल हंै। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने ‘रेल बढ़े, देश बढ़े’ के तहत देश के ए-वन श्रेणी के 75 रेलवे स्टेशनों पर न्यूनतम 100 फीट ऊंचाई वाले राष्ट्रीय ध्वज को स्थापित करने का निर्णय किया है। कुछ रेलवे स्टेशनों पर 31 दिसम्बर तक कार्य पूरा करके नववर्ष पर तिरंगा फहराने की व्यवस्था कर ली थी। लेकिन, मुम्बई रेल मंडल में सूरत समेत किसी रेलवे स्टेशन पर तिरंगा झंडा फहराने का कार्य एक जनवरी तक पूरा नहीं हो पाया था।

राजस्थान पत्रिका ने सात जनवरी को इस बारे में खबर प्रकाशित की तो रेलवे प्रशासन हरकत में आया और २४ जनवरी तक तिरंगा स्थापित करने का कार्य पूरा कर लिया। २५ जनवरी को सुबह सांसद दर्शना जरदोष, महापौर डॉ. जगदीश पटेल, विधायक पूर्णेश मोदी ने सूरत रेलवे स्टेशन पर सौ फीट ऊंचे झंडे को फहरा कर उद्घाटन किया। स्टेशन डायरेक्टर सी. आर. गरूड़ा ने बताया कि तिरंगा की लम्बाई तीस और चौड़ाई बीस फीट है। यह तिरंगा 365 दिन लहराता रहेगा। इसके देखभाल की जवाबदारी रेलवे सुरक्षा बल थाने की है। तिरंगे के ऊपर हमेशा प्रकाश रहे इसके लिए अलग से लाइट की व्यवस्था की गई है। बिजली जाने पर भी अल्टरनेट व्यवस्था से तिरंगे की लाइट चालू रहेगी। उद्घाटन कार्यक्रम में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी। सिटी पुलिस की ओर से राष्ट्रगान के लिए बैंड की व्यवस्था की गई थी।

एन्ट्री और एक्जिट प्वॉइन्ट पर नक्शा

सूरत स्टेशन पर यात्रियों से जुड़ी सभी सुविधाओं को दर्शाते हुए बड़ा नक्शा बनाने की योजना है। इसमें रेलवे स्टेशन की सभी सुविधाएं जैसे आरपीएफ ऑफिस, जीआरपी ऑफिस, बुक स्टॉल, मेडिकल स्टॉल, स्टेशन मैनेजर ऑफिस, लिफ्ट और एक्सलेरेटर समेत सभी जानकारियों को शामिल किया जाएगा। सूरत स्टेशन आने वाले यात्रियों को एक जगह खड़े होने पर सभी सुविधाओं की जानकारी मिल जाएगी। वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आरती सिंह परिहार के साथ गरूड़ा ने नक्शा बनाने के लिए बातचीत की है।

सेल्फी प्वॉइन्ट बनाने की योजना

१०० फीट ऊंचे तिरंगे के उद्घाटन कार्यक्रम में अन्य लोग भी शामिल हुए। महापौर डॉ. जगदीश पटेल ने रेलवे अधिकारियों से बातचीत में स्टेशन की पहली मंजिल पर रेलवे पुलिस चौकी के नजदीक यात्रियों के लिए तिरंगे के साथ फोटो लेने के लिए सेल्फी प्वॉइन्ट बनाने के लिए कहा। सांसद दर्शना जरदोष भी सेल्फी प्वॉइन्ट बनाने पर सहमत थी। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद स्टेशन पहुंचने वाले यात्री तिरंगे के साथ सेल्फी लेते दिखाई दिए।

डिजिटल म्यूजियम स्क्रीन भी लगाएंगे

केवडिय़ा, स्टेच्यू ऑफ यूनिटी में डिजिटल म्यूजियम स्क्रीन लगाया गया है। इसी तर्ज पर सूरत रेलवे स्टेशन पर ग्राउंड फ्लोर, मुसाफिर खाने में डिजिटल म्यूजियम स्क्रीन लगाने के लिए अधिकारियों से बातचीत शुरू हुई है। इस स्क्रीन पर देश भक्ति, राष्ट्र गौरव से जुड़ी घटनाओं को नियमित प्रसारित किया जाएगा। इससे स्टेशन की शोभा बढ़ जाएगी। मुम्बई रेल मंडल में बान्द्रा टर्मिनस, मुम्बई सेंट्रल, बोरीवली और सूरत स्टेशन पर लगाने का प्रस्ताव है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो