scriptवलसाड के सलीम शेख को उत्तम जीवन रक्षापदक | uttam jivan raksha award to salim shekh of valsad | Patrika News

वलसाड के सलीम शेख को उत्तम जीवन रक्षापदक

locationसूरतPublished: Jan 25, 2018 10:09:09 pm

Submitted by:

Sunil Mishra

बहादुर बस चालक ने अमरनाथ यात्रियों की आतंकियों से बचाई थी जान

patrika photo
सूरत/वलसाड. गत वर्ष जुलाई में वलसाड से अमरनाथ यात्रा पर गए तीर्थयात्रियों को आतंकवादियों के हमले से बचाने वाले बहादुर बस चालक सलीम शेख को भारत सरकार ने उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित करने की घोषणा की है। हालांकि स्थानीय मीडिया में इस खबर के आने के बाद से उत्साहित सलीम शेख को इसकी आधिकारिक रूप से कोई सूचना नहीं दी गई है। वलसाड जिला कलक्टर के पास भी इस तरह की कोई जानकारी आधिकारिक रूप से नहीं आई है। इस कारण पुरस्कार मिलने की खबर को लेकर खुद सलीम असमंजस में है।

गौरतलब है कि वलसाड से अमरनाथ यात्रा पर गए वलसाड के तीर्थयात्रियों से भरी बस पर 10 जुलाई २०१७ को आतंकवादियों ने हमला कर दिया था। इस दौरान बस चालक सलीम बस को भगा ले गया था, जिससे 44 यात्रियों की जान बच गई थी। उस दौरान उसकी बहादुरी की सराहना पूरे देश में हुई थी। उस दौरान भी विभिन्न संस्थाओं ने उसे पुरस्कृत करने की मांग की थी। गणतंत्र दिवस के दो दिन पहले ही भारत सरकार द्वारा सलीम को उत्तम जीवन रक्षा पुरस्कार से सम्मानित करने की खबर मीडिया में आई। समाचारपत्रों में भी यह खबर छप गई, जिसमें उसे 26 जनवरी को राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत करने की बात है। वहीं, जब खुद सलीम से इस बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि उसे भी मीडिया के जरिए ही यह खबर मिली है।
नहीं है सूचना
सलीम ने पत्रिका संवाददाता को बताया कि उसे मीडिया से यह खबर मिली है। इसके बाद जब वलसाड तालुका अधिकारी से मिला तो उन्होंने भी कहा कि उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं है। केन्द्र या राज्य सरकार की ओर से ऐसा कोई पत्र उन्हें नहीं मिला है। इसके बाद सलीम दिल्ली नहीं गया और गुरुवार को भी वलसाड में रोजाना की तरह अपने काम में लगा रहा। उसने बताया कि अवार्ड की खबर से पूरा परिवार खुश है, लेकिन कोई आमंत्रण नहीं मिलने से वह दिल्ली नहीं गया।
नहीं है आधिकारिक जानकारी
अमरनाथ यात्रियों को बचाने वाले बस चालक सलीम को उत्तम जीवन रक्षा पुरस्कार मिलने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। ऊपर से भी इस तरह की उन्हें कोई सूचना नहीं है।
सीआर खरसाण, कलक्टर वलसाड
वेबसाइट पर है नाम
गौरतलब है कि गृहमंत्रालय की वेबसाइट पर पुरस्कारों की घोषणा वाली सूची में गुजरात से सलीम शेख का नाम शामिल है। यहीं से यह खबर फैली और देखते ही देखते वलसाड में सलीम शेख फिर से चर्चा में आ गए। हालांकि वेबसाइट की सूची के अलावा जिला प्रशासन या खुद सलीम के पास पुरस्कार मिलने के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इससे सलीम के साथ जिला प्रशासन भी दुविधा की स्थिति में है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो