scriptवापी पालिका ने बिना बिल के 40 लाख से अधिक गृहकर वसूला | Vapi municipality recovers more than 4 million homeless without bills | Patrika News

वापी पालिका ने बिना बिल के 40 लाख से अधिक गृहकर वसूला

locationसूरतPublished: May 08, 2019 05:52:58 pm

Submitted by:

Sunil Mishra

सफाई कर में बढ़ोत्तरी के बाद नए बिल बनाना हैं बाकी

patrika

वापी पालिका ने बिना बिल के 40 लाख से अधिक गृहकर वसूला


वापी. वापी नगरपालिका पिछले एक दशक से शहर की जनता पर आर्थिक बोझ थोप रही है। 9 साल पहले नपा प्रशासन ने गृह कर में हर 2 साल 10 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय किया था। जबकि इस वित्तीय वर्ष से गृह कर में सफाई कर के रूप में रेजिडेंसियल और कॉमर्शियल दो कटेगरी में बढ़ोत्तरी करते हुए उसकी वसूली भी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पालिका ने अभी तक 40 लाख का गृह कर बिना बिल के वसूल लिया है।
वापी नगरपालिका के मूल वापी, चला एवं डुगरा क्षेत्र मिलाकर 11 वॉर्ड में करीब 70 हजार मकान दर्ज हैं। इन 70 हजार मकानों में 15 हजार मकान कॉमर्शियल हैं। इसमें दुकानें, ऑफिस, शॉपिंग सेंटर आदि कार्यरत हंै, जबकि 55 हजार मकान रेजिडेंसियल में दर्ज हैं। इन दोनों केटेगरी के मकानों का गृह कर सालाना कुल 12 करोड़ से अधिक है, जो वापी नगर पालिका वसूलती है। हालांकि कॉमर्शियल में गृह कर रेजिडेंसियल से अधिक वसूला जाता है। इसमें इस वर्ष से लोगों पर सफाई कर का अतिरिक्तबोझ डाला गया है।
वित्तीय वर्ष 2018-19 में मार्च 31 तक वापी नगर पालिका ने 12 करोड़ के गृह कर के सामने 93 प्रतिशत गृह कर की वसूली की है। हालांकि नए वित्तीय वर्ष के दो सप्ताह तक नए वर्ष में नपा प्रशासन ने एक भी व्यक्ति के पास नए वर्ष का गृह कर नहीं वसूला था। इस बात की जांच करने पर पता चला कि नगर पालिका द्वारा इस नए वित्तीय वर्ष से नपा क्षेत्र के सभी लोगों से गृह कर में नया आर्थिक बोझ सफाई कर के रूप में वसूलने की तैयारी चल रही थी। हालांकि नपा ने नए बिल नहीं छपवाए होने के कारण वसूली रोक दी थी। नगरपालिका बिल दिए बगैर ही केवल रसीद पर वसूली करती रही है। कम्प्यूटर में सफाई कर शामिल करना बाकी है। जानकारी के अनुसार यह नया सफाई कर रेजिडेंसियल में 15 प्रतिशत और कॉमर्शियल में 25 प्रतिशत बढ़ाया गया है ।
रसीद दी जा रही है
फिलहाल अभी तक सफाई कर की बढोत्तरी के साथ ४० लाख से अधिक गृह कर वसूला गया है। गृह कर जमा करने वालों को फिलहाल रसीद दी जा रही है नए सफाई शुल्क के साथ के बिल छपवाने बाकी हैं। वह छपने के बाद लोगों को बिल भी मुहैया कराए जाएंगे।
जयेश देसाई, टैक्स सुपरिटेंडेंट, वापी नगरपालिका

भाजपा पार्षद अपनी मनमानी चला रहे हैं
नपा के सत्ताधीश अपनी मनमानी चला रहे हैं। इन्होंने अचानक ही गृह कर में नए स्वास्थ्य कर की वृद्धि कर लोगों से वसूली भी शुरू कर दी। यह सरासर गलत है। विपक्ष इसका विरोध करेगा।
खंडू भाई पटेल, नेता विपक्ष, वापी नपा
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो