scriptVAYU : पल-पल बदलता रहा सूरत का मौसम | VAYU : Surat season changes in moment | Patrika News

VAYU : पल-पल बदलता रहा सूरत का मौसम

locationसूरतPublished: Jun 14, 2019 08:32:44 pm

वायु चक्रवात :- कभी बारिश, कभी तेज धूप और उमस का वातावरण- शहर के कई इलाकों में हुई हल्की से तेज बारिश

SURAT

VAYU : पल-पल बदलता रहा सूरत का मौसम

सूरत.

वायु चक्रवात से बदले मौसम का असर गुरुवार को सूरत शहर में नजर आया। शहर का मौसम पल-पल बदलता रहा। कभी तेज धूप निकल आती तो कभी तेज बारिश होने लगती। कुछ देर के लिए तेज हवा भी चली। दोपहर में तेज उमस और गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल कर दिया। वायु चक्रवात के चलते शहर के कई इलाकों में हल्की से तेज बारिश हुई।
सूरत समेत दक्षिण गुजरात के वलसाड, नवसारी सहित अन्य इलाकों में वायु चक्रवात का असर देखा जा रहा है। प्रशासन का मानना था कि बुधवार देर रात को वायु चक्रवात के चलते सूरत में तेज बारिश और तेज हवा चल सकती है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि इसका असर गुरुवार को देखा गया। गुरुवार सुबह 8 बजे तक शहर का मौसम साफ था। तेज धूप निकली हुई थी। अचानक ही मौसम ने करवट बदल ली। 8 बजे बाद आसमान में काले बादल छा गए। तेज हवा चलने लगी और कुछ ही पलों में तेज बारिश होने लगी। ज्यादातर इलाकों में तेज हवा के साथ 11 बजे तक कभी तेज बारिश तो कभी बूंदाबांदी होती रही। इसके बाद तेज धूप निकल आई। बारिश के बाद तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस से सबका हाल बेहाल होने लगा। दोपहर में धूप और तेज हो गई। शाम होते-होते आसमान में काले बादल छाने लगे और तेज हवा चलने लगी।
– तापमान में आई गिरावट
वायु चक्रवात के कारण गुरुवार को तापमान में कमी आई। अब तक शहर का तापमान 35 डिग्री रहता था। बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 37.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज हुआ था। गुरुवार को तापमान में कमी आई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी 76 प्रतिशत और गति11 किमी प्रतिघंटे दर्ज की गई।
– सतर्कता जारी
वायु चक्रवात का असर कम होने के बावजूद प्रशासन की सतर्कता जारी है। गुरुवार को बारिश गिरने से कई लोग डुमस की ओर घूमने निकले। कई लोगों ने आसपास के समुद्र किनारे जाने का प्रयास किया, लेकिन यहां तैनात पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की टीम ने उन्हें समुद्र किनारे तक जाने नहीं दिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो