सूरतPublished: Oct 12, 2023 08:27:58 pm
Divyesh Kumar Sondarva
सूरत. वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय (वीएनएसजीयू) प्रशासन पर अब ऑडिट टेंडर को लेकर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में सीनेटर ने राज्यपाल से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर राज्यपाल की ओर से गुजरात सरकार शिक्षा विभाग सचिव को जांच के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन टेंडर और मूल्यांकन में गड़बड़ी मामले में भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।
वीएनएसजीयू में इस बार ऑडिट टेंडर को लेकर विवाद हुआ है। सीनेटर भावेश रबारी ने आरोप लगाया है कि वीएनएसजीयू के ऑडिट के लिए मार्च 2023 में टेंडर जारी किए गए थे। इसमें 11 कंपनियों ने ऑडिट करने के लिए टेंडर भरे थे। सिंडिकेट की बैठक में 11 कंपनियों को इस टेंडर के लिए योग्य तय किया गया। बाद में पांच कंपनियों को ही टेंडर प्रक्रिया में शामिल किया गया। इसके बाद लोवेस्ट प्राइज जाने बिना ही दो कंपनियां होड़ में रही। एक कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अवगणना कर उसे टेंडर दे दिया गया।