मंदिर

वैष्णो देवी यात्रा में सुनाई देंगे माता के भजन, होंगे आरती के दर्शन

माता वैष्णो देवी मंदिर के
तीर्थयात्रियों को भक्तिपूर्ण माहौल देने के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर जल्द ही
सुमधुर भजन सुनाई देंगे

Apr 23, 2015 / 01:13 pm

सुनील शर्मा

Maa Vaishno Devi

करोडों लोगों की आस्था के केंद्र माता वैष्णो देवी मंदिर के तीर्थयात्रियों को भक्तिपूर्ण माहौल देने के लिए पूरे यात्रा मार्ग पर जल्द ही सुमधुर आध्यात्मिक संगीत का प्रसारण शुरू होने वाला है। हिमाच्छादित त्रिकुटा की पहाडियां कलकल बहती बाणगंगा और भजन की लहरियों के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालु अदभुत आध्यात्मिक भावना की अनुभूति कर सकेंगे।

त्रिकुटा की पहाडियां सुरीले भजनों से गुंजायमान होंगी


श्री माता वैष्णोदेवी तीर्थस्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एम के भंडारी ने बताया कि आधार शिविर कटरा से भवन और भैरव घाटी तक पूरे 22 किलोमीटर मार्ग पर अत्याधुनिक द्यश्य श्रव्य प्रणाली लगायी जा रही है। इसके पहले चरण में यात्रा मार्ग पर आध्यात्मिक संगीत का प्रसारण होगा ताकि श्रद्धालुओं को भक्तिपूर्ण वातावरण मिल सके। बाद में जगह-जगह एलसीडी स्क्रीन लगाए जाएंगे जिस पर सुबह-शाम की आरती का भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। यह प्रणाली अगले दो महीने में शुरू होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

अर्द्धक्वारी से भवन तक का इसका सफल परीक्षण भी किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि करीब दस करोड रूपए की लागत की इस परियोजना के तहत 22 किलोमीटर तक आप्टिकल फाइबर केबल बिछाया जा रहा है। प्रसारण के लिए 52 जगहों पर ऎम्पलीफायर प्रणाली और बास के स्पीकर लगाए जा रहे हैं। बोर्ड के सीईओ ने बताया कि दरअसल यह बहुद्देश्यीय प्रणाली है। किसी तरह की आपदा या आपात स्थिति में भी इसका इस्तेमाल फायदेमंद साबित होगा। इसके अलावा यात्रियों के बारे में जानकारी या कोई आवश्यक सूचना भी दी जा सकेगी।

इस प्रणाली से प्रसारित की जाने वाली विषय वस्तु पर फैसला लेने के लिए एक प्रबंध समिति का गठन किया जाएगा। जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में कटरा की पहाडियों पर स्थित इस मंदिर में महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती के क्रमश: काले, लाल और सफेद रंग के तीन पिंड हैं जिन्हें मिलाकर यह वैष्णोदेवी के नाम से विख्यात है। यहां की यात्रा पूरे साल चौबीसों घंटे अनवरत चलती रहती है।

Home / Astrology and Spirituality / Temples / वैष्णो देवी यात्रा में सुनाई देंगे माता के भजन, होंगे आरती के दर्शन

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.