scriptदेश सेवा के लिए आर्मी में भर्ती होने यहां दौड़ेंगे जवान, ट्रेक तैयार | Army recruitment rally | Patrika News

देश सेवा के लिए आर्मी में भर्ती होने यहां दौड़ेंगे जवान, ट्रेक तैयार

locationटीकमगढ़Published: Feb 01, 2019 07:33:24 pm

Submitted by:

anil rawat

सुरक्षा को लेकर प्रशासन खासा सर्तक, पुलिस मुख्यालय से बुलाया अतिरिक्त बल

Army recruitment rally

Army recruitment rally

टीकमगढ़. आर्मी भर्ती रैली को लेकर ढोंगा ग्राउण्ड पर युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। यहां पर ट्रेक आदि का काम पूरा कर लिया गया है, जबकि यहां पर आने उम्मीदवारों एवं अधिकारियों के रूकने आदि की व्यवस्थाओं का काम जारी बना हुआ है। वहीं पुलिस भी सुरक्षा को लेकर अपने इंतजाम करने में लगी हुई है।
चार फरवरी से होने वाली आर्मी भर्ती रैली की तैयारियां अंतिम चरण में है। यहां पर प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर भर्ती की तैयारियां की जा रही है। शुक्रवार को ढोंगा मैदान पर ट्रेक तैयार करने के साथ ही लॉग जम्प, हाई जम्प, डॉक्यूमेंट वैरीफिकेशन सहित तमाम काम लगभग पूरे कर लिए गए थे। वहीं बाहर से आने वाले अभ्यार्थियों एवं सेना के जवानों को रूकने के स्थान पर तमाम सुविधाएं जुटाने का काम जारी बना हुआ था। यहां पर चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए हर समय प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। शुक्रवार को एसडीएम गणेश जायसवाल, तहसीलदार सतीश वर्मा, डिप्टी कलेक्टर विकास आनंद, कोतवाली प्रभारी नवल आर्य सहित अनेक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन भी तैयारियों की पूरी जानकारी अधिकारियों से लेते रहे।

सेना के जवानों ने तैयार कराया ट्रेक: वहीं भर्ती के प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी संजीव जैन ने बताया कि यहां पर बनने वाले ट्रेक सहित तमाम व्यवस्थाओं के लिए आर्मी के लगभग डेढ़ सौ जवान आ चुके है। यह सारी व्यवस्थाएं उन्हीं की देख-रेख में की जा रही है। आर्मी के नियमानुसार ही सारे ट्रेक एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई है। इसके साथ ही आर्मी के वरिष्ठ अधिकारी यहां पर होने वाली भर्ती की पूरी प्रक्रिया तैयार करने में लगे हुए है।
बाहर से आएंगे पुलिस के जवान: इस भर्ती रैली में शामिल होने के लिए सागर और ग्वालियर संभाग के 13 जिलों से 71 हजार से अधिक युवाओं को आना है। ऐसे में नगर की शांति व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस भी पूरी तरह से सक्रिय बनी हुई है। आर्मी भर्ती रैली की सुरक्षा का जिम्मे देख रहे एएसपी एसके जैन ने बताया कि इस भर्ती को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए पीएचक्यू से बल बुलाया गया है। उनका कहना था कि आज शनिवार को यह बल जिले में अपनी आमद दे देगा। इसके साथ ही सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो