scriptफर्जी प्रमाण-पत्र लेकर पहुंचे थे आर्मी में भर्ती के लिए, पकड़े गए | Army recruitment rally | Patrika News

फर्जी प्रमाण-पत्र लेकर पहुंचे थे आर्मी में भर्ती के लिए, पकड़े गए

locationटीकमगढ़Published: Feb 06, 2019 08:50:17 pm

Submitted by:

anil rawat

3100 में से 347 को मिली सफलता, कम ऊंचाई के कारण 700 हुए बाहर

Army recruitment rally

Army recruitment rally

टीकमगढ़. आर्मी भर्ती रैली के तीसरे दिन जहां 347 उम्मीदवारों को ही सफलता मिली वहीं आर्मी के अधिकारियों ने फर्जी प्रमाण-पत्र लेकर पहुंचे 4 युवाओं को भी पकड़ लिया। आर्मी ने इन युवाओं को पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं बुधवार को आर्मी ने सोल्जर डीजी भर्ती के लिए 5651 युवाओं को आमंत्रित किया गया था। लेकिन इनमें से 3800 के लगभग ही भर्ती के लिए ग्राउण्ड पर पहुंचे। इसमें से 700 के लगभग युवाओं को कम ऊंचाई के कारण पहले ही बाहर कर दिया गया था।
बुधवार को भर्ती के तीसरे दिन चार फर्जी प्रमाण-पत्र धारी भी सामने आए। भर्ती रैली में फर्जी प्रमाण-पत्र लेकर आए इन युवाओं को आर्मी के अधिकारियों ने पकड़ लिया। इनके प्रमाण-पत्र देखकर शंका होने पर अधिकारियों ने उनकी विस्तृत जानकारी ली। इस पर यह युवा घबरा गए। वहीं आर्मी के अधिकारियों ने इनके प्रमाण-पत्रों का ऑन लाईन मिलान किया तो पूरा मामला साफ हो गया। इसके बाद आर्मी के अधिकारियों ने इन चारों को पुलिस के हवाले कर दिया। समाचार लिखे जाने तक इन चारों को पुलिस ने कोतवाली में बैठा कर रखा था। पुलिस मामला दर्ज करने के लिए आर्मी के अधिकारियों के पत्र की प्रतिक्षा कर रही थी। पकड़े गए चारों युवा उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे है। वहीं मामला दर्ज न होने के कारण पुलिस इनके नाम नही बता सकी थी।

347 का हुआ चयन: तीसरे दिन की भर्ती के लिए आर्मी ने विभिन्न जिलों के 5651 युवाओं को कॉल लेटर जारी किए थे। लेकिन इमसे से महज 3800 के लगभग ही ग्राउण्ड पर पहुंचे। दौड़ के पहले की गई नाप-तौल में लगभग 700 युवा कम हाईट के चलते दौड़ के पहले ही बाहर हो गए। इसके बाद 3100 युवाओं को दौड़ का मौका दिया गया था। दौड़ में भी केवल 347 युवा ही सफल हो सके। इन सभी का शारीरिक एवं चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा था।
शहर में लगा मेला: आर्मी भर्ती रैली के चलते पिछले तीन दिनों से शहर में मेला सा लगा हुआ है। बाहर से आए युवाओं के साथ ही पुलिस के जवान एवं आर्मी के जवानों के कारण पूरे शहर में चहल-पहल मची हुई है। हर कहीं भर्ती में शामिल होने के लिए आए युवा ही दिखाई दे रहे है। वहीं हर प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन एवं बसस्टैंड पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुनाई दे रहे सायरन: आर्मी भर्ती रैली के चलते पूरे शहर में हर समय पुलिस वाहनों के सायरन सुनाई दे रहे है। बाहर से आने वाले युवा अनेक स्थानों पर मस्ती तो कहीं उलहड़ करते दिखाई दे रहे है। जहां भी पुलिस को सूचना मिलती है कि यहां पर युवाओं का जामड़वा हो रहा है, तत्काल ही पुलिस वहां पहुंच रही है। आर्मी भर्ती में आए बाहरी युवाओं को लेकर प्रशासन खासा सतर्क बना हुआ है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो