बदला मौसम का मिजाज: पारे ने लगाया 8 अंकों का गोता
दिन भर छाए रहे बादलों के बीच हुई बूंदाबांदी, किसानों को राहत

टीकमगढ़. दिसम्बर का लगभग आधा माह होने को था और मौसम से सर्दी नदादर थी। ऐसे में किसान परेशान बने थे। शुक्रवार को अचानक से बदले मौसम के बाद सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बूंदाबांदी होती रही। मौसम में आए इस बदलाव का असर पारे पर भी दिखाई दिया और दिन का पारा 8 अंकों की गिरावट के साथ 22.6 पर पहुंच गया। इस बदलाव के बाद किसानों के चेहरों पर राहत दिखाई दे रही है।
इस साल मौसम का मिजाज लोगों की समझ से परे बना हुआ था। गुरूवार को दिसम्बर के दूसरे सप्ताह में भी दिन का अधिकतम तापमान जहां 31 डिग्री पर बना हुआ था वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी 13.5 डिग्री पर था। दिन में खुल कर निकल रही धूप के कारण ऐसा लग ही नहीं रहा था कि यह सर्दी का मौसम चल रहा है। लोगों को शाम से लेकर सुबह 8 बजे तक ही हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है। मौसम के अनुरूप सर्दी न होने से जहां लोग परेशान थे वहीं सबसे ज्यादा समस्या किसानों के सामने थी। इस वर्ष पर्याप्त बारिश न होने के बाद मौसम में सर्दी न होने से किसानों को अभी खेतों में पानी देने की जरूरत पडऩे लगी थी। दिन में खुल कर निकल रही धूप के कारण खेतों में नमी नहीं रह पा रही थी।
8 अंकों की आई गिरावट
मौसम में आए इस बदलाव के बाद दिन के अधिकतम तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की है। गुरुवार को 31 डिग्री पर रहने वाला दिन का तापमान शुक्रवार को 22.6 डिग्री पर पहुंच गया। दिन भर बादल छाए रहने एवं बूंदाबांदी के कारण हुई इस बदलाव के बाद लोगों को सर्दी का अहसास होता रहा और लोगों की गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हुई।
24 घंटे और रहेगा ऐसा मौसम
वहीं कृषि महाविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एके श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 24 घंटे ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश भी हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने के कारण सुबह से कोहरा छाने की भी संभावना है। उन्होंने अधिक तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 3 से 5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना जताई है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए उन्होंने किसानों से फसलों में दवा का छिड़काव एवं पानी न देने की सलाह दी है।
अब पाइए अपने शहर ( Tikamgarh News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज