scriptभाजपा विधायक पर संकट,अध्यक्ष पत्नी जताया अविश्वास | Crisis on BJP MLA | Patrika News

भाजपा विधायक पर संकट,अध्यक्ष पत्नी जताया अविश्वास

locationटीकमगढ़Published: Feb 18, 2019 09:04:30 pm

Submitted by:

vivek gupta

भाजपा शासित नगरपालिका पर ११ कांग्रेस पार्षदो के अविश्वास में भाजपा से नगरपालिका की उपाध्यक्ष के साथ ही १० पार्षद भी लामबंद है।

Crisis on BJP MLA

Crisis on BJP MLA

टीकमगढ़..प्रदेश की सत्ता से बाहर हुई भाजपा को जिले में भी झटका लग सकता है। नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर पार्षदो ने अविश्वास जाहिर किया है। खास बात है कि भाजपा शासित नगरपालिका पर ११ कांग्रेस पार्षदो के अविश्वास में भाजपा से नगरपालिका की उपाध्यक्ष के साथ ही १० पार्षद भी लामबंद है। कलेक्टर को अविश्वास का पत्र देने के साथ ही सभी पार्षदो ने एक स्वर में अध्यक्ष और उनके विधायक पति पर पार्षदो का अपमान करने और नगर के विकास की अनदेखी करने के आरोप लगाए। कलेक्टर सौरभ कुमार के निर्देश पर देर शाम तक अपर कलेक्टर सी पी पटेल ने दस्तावेजो के साथ पार्षदो के बयान लिए।
राजनैतिक घटनाक्रम को लेकर जंहा दिनभर कलेक्टर कार्यालय में गहमागहमी का माहौल रहा तो वहीं नगर में अविश्वास को लेकर चर्चाएं रही। खास बात रही कि अविश्वास जाहिर करने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश यादव के साथ ही पूर्व मंत्री यादवेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।

उपाध्यक्ष सहित २१ पार्षदो ने दिया अविश्वास पत्र
जिले की राजनीति में बेहद अहम घटनाक्रम के तहत सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष लक्ष्मी राकेश गिरी के विरूद्व परिषद के २१ पार्षदो ने अविश्वास जाहिर किया। कलेक्टर कार्यालय में दोपहर १ बजे अचानक ही कांग्रेस पार्षदो के साथ भाजपा के पार्षदो के पंहुचने से गहमागहमी शुरू हो गई।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश यादव के साथ ही पूर्व मंत्री यादवेन्द्र सिंह कलेक्ट्रेट पंहुचे। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन से मिलकर पार्षदो के मामले की जानकारी दी गई। जिसके बाद कलेक्टर सुमन के द्वारा कार्रवाई के लिए अपर कलेक्टर सी पी पटेल को अधिकृत किया गया। पटेल के द्वारा कलेक्टर न्यायालय में एक एक करके पार्षदो के आधार और अन्य दस्तावेज लेकर सत्यापन और बयान शुरू किए गए। यह कार्रवाई देर शाम तक कलेक्टर कार्यालय में चलती रही। इस दौरान पार्षदो को लेकर कांग्रेस के नेता लॉबिग करते नजर आए।

वार्ड में नही करते कोई काम
पार्षदो का कहना था कि नगरपालिका में नगर के विकास के मामलो में मनमानी की जा रही है। किसी भी पार्षद के वार्ड में कोई काम नही किया जा रहा है। अध्यक्ष पति और नवनिर्वाचित विधायक राकेश गिरी के द्वारा पार्षदो को नगर विकास की बात कहने पर धमकाया जाता है। परिषद की बैठको में पार्षदो की नही सुनी जाती,पिछले चार वर्षो में लगातार उपेक्षा के कारण जनता के कार्य नही करवा पाने का मलाल रहता है।

उनके वार्ड में काम होने के बाद भी उन्हें जानकारी नही दी जाती। अध्यक्ष के द्वारा लगातार ४ वर्ष से उपेक्षा की जाती रही है। जिसके कारण वह अध्यक्ष को वापस बुलाने के लिए आवेदन देने आए है।

इन पार्षदो ने जताया अविश्वास
अध्यक्ष को वापस बुलाने के लिए सहमति देने वाले पार्षदो में भाजपा से नगरपालिका उपाध्यक्ष शशिप्रभा जैन,संध्या सोनी,प्रियंका तिवारी,अंशुल सेन,जाहिद खांन,शोभाराम अहिरवार,कल्लू रमजान खंान,राकेश शर्मा,अरविंद्र श्रीवास्तव के साथ ही निर्दलीय पार्षद लक्ष्मी रैकवार शामिल रही।
वही कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष भरत सोनी,सुषमा संजय नायक,चांदबी हबीब राईन,सीमा कासिम खांन,पार्वती अहिरवार,चांदनी खालिद खंन,समीम शाजिद खांन,नीतू जसवंत वाल्मिक,सलीम खांन,ध्रुव यादव,अंजू चके्रश जैन ने अध्यक्ष पर अविश्वास जताया।

क्या कहता है नियम–
नगरपालिका की धारा ४७ के अनुसार अध्यक्ष को वापस बुलाने की प्रक्रिया की जाती है। जिसके तहत तीन चौथाई पार्षदो को कलेक्टर को आवेदन देना होता है। जिसके बाद कलेक्टर यह सत्यापित करता है कि पार्षदो के द्वारा ही यह प्रक्रिया कराई जा रही है।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कलेक्टर मामले की जानकारी राज्य सरकार को भेजता है। राज्य शासन के द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग को अध्यक्ष रिकॉल करने की प्रक्रिया के लिए प्रतिवेदन दिया जाता है। जिसके बाद आयोग परीक्षण करके अध्यक्ष को वापस बुलाने के लिए चुनाव कराए जाते है। लेकिन यह चुनाव जनता के द्वारा ईवीएम के द्वारा ही कराया जाता है। इस दौरान प्रक्रिया होने तक अध्यक्ष पद पर बना रहता है।
कहते है कि–
नगर विकास के लिए पार्टी से हटकर काम करने को मजबूर है। आवास से लेकर जनता के कोई भी काम नही हो रहे है। जनता की भलाई के लिए अविश्वास जताया है।
शशिप्रभा जैन उपाध्यक्ष नगरपालिका टीकमगढ़
दलगत राजनीति से उठकर भाजपा और कांग्रेस पार्षद साथ में है। नगर के २१ पार्षदो ने कलेक्टर को आवेदन दिया है। अध्यक्ष और विधायक के द्वारा लगातार पार्षदो की उपेक्षा की जा रही थी।
भरत सोनी नेता प्रतिपक्ष नगरपालिका
इसमें पार्टी की बात नही है। नगरपालिका को भ्रष्टाचार से मुक्त करने सभी पार्षदो ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार नियमो के अनुसार ही काम करेगी।
महेश यादव जिलाध्यक्ष कांग्रेस

नगरपालिका अधिनियम के तहत अविश्वास की जगह रिकॉल की प्रकिया होती है। आवेदन के अनुसार पार्षदो का सत्यापन किया जा रहा है।जिसके बाद कार्रवाई के लिए राज्य शासन को भेजा जाएगा।
सौरभ कुमार सुमन कलेक्टर टीकमगढ़

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो