विदित हो कि शहर में वर्तमान में 27 वार्ड है। वहीं जनसंख्या भी 1 लाख के पास पहुंच चुकी है। ऐसे में शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने के लिए हर वार्ड में कम से कम एक वाहन की जरूरत है। वहीं जो बड़े वार्ड है, उन वार्डों में दो वाहनों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। वहीं पुराने शहर की तंग गलियों में कचरा लेने के लिए हाथ से चलने वाले छोटे वाहनों की भी कमी सामने आई है। अब भी शहर की कई तंग गलियों में घरों से कचरा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है।
14 वाहनों पर भार, दावा हर घर कर रहे कवर
विशेषज्ञों की माने तो शहर के वार्डों की स्थिति को देखते हुए कम से कम 32 वाहनों की जरूरत है। लेकिन वर्तमान में शहर में मात्र 14 वाहन ही डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए उपलब्ध है। इनमें 10 चौपहिया वाहन है तो 4 थ्री व्हीलर। इसके साथ ही मुख्य सड़क एवं नालियों से कचरा उठाने के लिए 6 ट्रेक्टर काम कर रहे है। नगर पालिका में वाहनों की कमी का असर कई क्षेत्रों में कचरा वाहन न पहुंचने के रुप में सामने आ रहा है, लेकिन इसके बाद भी नपा दावा कर रही है कि हर घर से कचरा लिया जा रहा है।
कर्मचारियों की भी कमी आ रही सामने
वहीं सफाई को लेकर कर्मचारियों की कमी भी सामने आ रही है। नगर पालिका में 290 सफाई कर्मचारी बताए जा रहे है। इनमें से 100 के लगभग कर्मचारी स्थाई रूप से वाहनों पर तो कुछ स्थाई जगहों पर सफाई के लिए तैनात है। वहीं समय के साथ नगर की सीमाएं भी बढ़ रही है। ऐसे में कर्मचारियों की कमी देखी जा रही है। वर्तमान में नगर की सफाई व्यवस्था के लिए 75 से 100 अतिरिक्त कर्मचारियों की कमी बताई जा रही है। इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ से बात नहीं हो सकी है।
नगर की सफाई व्यवस्था के संसाधन
नगर के वार्ड- 27
सफाईकर्मी- 290
डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन- 14
टेक्टर- 6
कहते है अधिकारी
नगर को स्वच्छ रखने के लिए जो भी आवश्यक संसाधन है, उनके संबंध में बैठक कर पता किया जाएगा। स्वच्छता के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयास किया जाएगा। स्वच्छता शासन की प्राथमिकता है।- राकेश गिरि, विधायक, टीकमगढ़।