ग्राम मुहारा निवासी आशाराम कुशवाहा की कुशवाहा की रात्रि 1 बजे के लगभग धारादार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के समय आशाराम अपनी पत्नी के साथ घर की छत पर सो रहा था और उसके परिजन नीचे सो रहे थे। आशाराम पर हुए वार के बाद उसी चीख सुनकर परिजन दौड़कर ऊपर पहुंचे तो पूरी छत खून से सनी हुई थी और उसकी पत्नी भी पास ही बैठी थी। आशाराम के पिता मनप्यारे ने जब यह दृश्य देखा तो उनके मुंह से चीख निकल गई। इसके बाद पड़ौसी भी मौके पर पहुंच गए।
दी पुलिस को सूचना
तत्काल ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर लिया और परिजनों के साथ ही अन्य लोगों को दूर कर दिया। इसके बाद सुबह से पहुंची एफएसएल की टीम ने भी घटना स्थल की जांच की। वहीं सुबह से पुलिस ने शव का पीएम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पत्नी पर लगाए आरोप
मृतक के पिता मनप्यारे ने इस घटना के बाद अपनी बहू पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप था कि शादी के बाद से ही बहू का उनके बेटे से विवाद चलता था। रविवार की शाम को भी बहू जब किसी से फोन पर बात कर रही थी, तो उसे लेकर उनके बेटे का विवाद हुआ था। मनप्यारे का आरोप था कि उनकी बहू ने यह हत्या की है।
4 माह पूर्व हुआ था विवाह
विदित हो कि आशाराम का 4 माह पूर्व 12 फरवरी को ही अपनी पत्नी सीमा के साथ विवाह हुआ था। दोनों परिवारों के बीच तय हुए इस विवाह के बाद दोनों ने अग्नी के साथ फेरे लेकर साथ जीने-मरने की कसमें खाई थी। लेकिन इस घटना के बाद अब परिजन समझ नहीं पा रहे है कि आखिर यह किस घड़ी में विवाह हुआ था। वहीं घटना के बाद से हर जगह इस बात की चर्चाएं की जा रही है। वहीं पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।