scriptBreaking News-दो पक्षों में विवाद, चली गोलियां, आधा दर्जन घायल | Jatara shootout | Patrika News

Breaking News-दो पक्षों में विवाद, चली गोलियां, आधा दर्जन घायल

locationटीकमगढ़Published: Jan 22, 2019 12:02:43 pm

Submitted by:

anil rawat

सुबह से हुई इस घटना के बाद बाजार खुल भी नही पा रहा था कि दहशत में आए लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दी।

Jatara shootout

Jatara shootout

टीकमगढ़. जतारा के रानी कुइया मोहल्ले में दो पक्षों में हुआ विवाद इतना बड़ गया कि एक पक्ष ने गोलीबारी कर दी। इस घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे है। वहीं सूचना के बाद पुलिस के आलाधिकारियों के साथ ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इससे पूरा मुहल्ला छाबनी में तब्दील हो गया है। पुलिस ने दोनो पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जतारा में ख्वाजा साहब की दरगाह के पास लगे एक पुराने पेड़ को सदर काजी ने कटवा दिया था। इसकी शिकायत मुहल्ले के शमीम खान ने पुलिस से की थी। उनकी शिकायत के बाद से सदर काजी पक्ष के नूरूद्दीन अंसारी शमीम से विवाद पाले हुए थे। इसी बात को लेकर रात में भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। यह विवाद रात को ही थाने में पहुंच गया था। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों पक्ष वापस आ गए थे।

सुबह से चली गोली: इसके बाद मंगलवार की सुबह फिर से इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सुबह से शुरू हुआ विवाद इतना बड़ा कि नौबत मारपीट तक आ गई। विवाद के बाद शमीम ठेकेदार के लड़के शहंशाह उर्फ शेरु ने अपने घर से बंदूक उठा कर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया।
बाजार और घर हुए बंद: सुबह से हुई इस घटना के बाद बाजार खुल भी नही पा रहा था कि दहशत में आए लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। वहीं अन्य लोग भी अपने घरों के दरवाजे बंद कर दुबक कर अंदर बैठ गए। घटना की सूचना के तत्काल बाद ही एएसपी एसके जैन मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एएसपी जैन का कहना था कि घटना में कितने लोग घायल हुए है, इसकी अभी आधिकारिक जानकारी वह नही दे सकते है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एमएलसी के बाद ही जानकारी हो सकेगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो