scriptपरेशान है प्रदेश की जनता और शिवराज मांग रहे आशीर्वाद, जानिए किस नेता ने कही यह बात | Kamal Nath Congress Tikamgarh Tour | Patrika News

परेशान है प्रदेश की जनता और शिवराज मांग रहे आशीर्वाद, जानिए किस नेता ने कही यह बात

locationटीकमगढ़Published: Sep 08, 2018 10:07:33 am

Submitted by:

anil rawat

मुझे तो ताज्जुब होता है, यह आशीर्वाद लेने आए है कि खरीदने आए हैं

Kamal Nath Congress Tikamgarh Tour

Kamal Nath Congress Tikamgarh Tour

टीकमगढ़. किसान आत्महत्या में प्रदेश नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन, बेरोजगारी-भ्रष्टाचार में नंबर वन। फिर भी जनता से आशीर्वाद मांगने आ रहे है शिवराज। मैं दाद देता हूं शिवराज सिंह की हिम्मत की। यह बात कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने स्थानीय नजरबाग मंदिर प्रांगण में आमसभा को संबोधित करते हुए कही।
आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने आए कमलनाथ ने केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसके खर्चे पर यह यात्रा निकाली जा रही है। सरकारी हैलीकॉप्टर से उड़ रहे है। मैं अपने हैलीकॉप्टर से आया हूं। यह सब जनता के पैसे से किया जा रहा है। मुझे तो ताज्जुब होता है, यह आशीर्वाद लेने आए है कि खरीदने आए है।
जगह-जगह खा रहे धक्के: कमलनाथ ने कहा कि 15 साल में यदि जनता के लिए काम किया होता तो यूं आशीर्वाद लेने नही जाना पड़ता। जनता खुद आशीर्वाद देती। जगह-जगह धक्के मारे जा रहे है। प्रदेश की जनता परेशान है और यह आशीर्वाद लेने जा रहे है। उनकी आशीर्वाद यात्रा में कितने लोग पहुंच रहे है, यह बताने की जरूरत नही है।
किसानों की नही नौजवानों की चिंता: कमलनाथ ने कहा कि मुझे प्रदेश के किसानों की चिंता नही है। चार माह बाद कांग्रेस की सरकार आने पर किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। आधे दाम में बिजली दी जाएगी। खेतों तक पानी पहुंचेगा। मुझे चिंता नौजवानों की है। नौजवानों में तडफ़ होती, उनके सपने होते है। नौजवान काम चाहता है, मौके चाहता है। प्रदेश के नौजवान हमारे लिए चुनौती है। इनके सपनों को भी कांग्रेस की सरकार पूरा करेगी।

मोदी ध्यान बंटाने का काम करते है: उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा। कहा कि यह सिर्फ नारे देते है। कांग्रेस के समय डीजल 55 रूपए था तो मोदी कितने नाटक करते थे। अब पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे है। रूपया गिरता जा रहा है। नोटबंदी फेल हो चुकी है। नर्मदा, क्षिप्रा और गंगा साफ नही हुई, बैंक साफ हो गए। मोदी देश का ध्यान बंटाने का काम करते है। अब मोदी देश के नौजवानों, बेरोजगारी, आतंकवाद की बात नही करते। ऐसे ही मुख्यमंत्री उद्योगपतियों के सम्मेलन करते है और प्रदेश के उद्योग बंद हो रहे है।
भाजपा चल रही माफियाराज: उन्होंने कहा कि प्रदेश में शराब माफिया, रेत माफिया और सट्टा माफिया सक्रिय है। इनका नेतृत्व भाजपा कर रही है। आज बात कांग्रेस या कमलनाथ की नही। प्रदेश के नौजवान और किसानों के भविष्य की है। भाजपा कहती है कांग्रेस ने 60 साल में क्या किया। मैं पूछता हूं, भाजपा से कौन सा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुआ है। कमलनाथ ने कहा कि हमें नए प्रदेश का निर्माण करना है। प्रदेश का नक्शा और व्यवस्थाएं बदलनी है।
शिवराज, उमा के नही हुए,बुंदेलखण्ड के क्या होंगे: वहीं नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने जिले की जनता की सहानुभूति समेटते हुए कहा कि बुंदेलखण्ड की धरती उमा भारती मानी जाती है। लेकिन जब शिवराज, उमा भारती के नही हुए तो जनता के क्या होंगे। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी पर इंदिरा गांधी का विशेष स्नेह था। वह उन्हें अपने बेटा मानती थी। उन्होंने कहा कि श्रीरामराजा की धरती पर हो रही अपार वर्षा बदलाव का संदेश दे रही है। विकास तभी होगा जब कमलनाथ की सरकार बनेगी। शिवराज सरकार में तो केवल घोषणाएं होगी।

ट्रेंडिंग वीडियो