scriptनाम वापसी के बाद पांच सीटों पर 84 प्रत्याशी ठोक रहे मैदान में ताल | MP Election 2018 | Patrika News

नाम वापसी के बाद पांच सीटों पर 84 प्रत्याशी ठोक रहे मैदान में ताल

locationटीकमगढ़Published: Nov 15, 2018 11:36:53 am

Submitted by:

anil rawat

कांग्रेस और भाजपा के बागियों ने भी वापस लिए नामांकन, सबसे ज्यादा उम्मीदवार पृथ्वीपुर में

MP Election 2018

MP Election 2018

टीकमगढ़. नाम वापसी के बाद अब टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले की पांचों विधानसभाओं की स्थिति साफ हो गई है। बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के बागियों को मिलाकर 14 प्रत्याशियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिए। इसके बाद अब पांचों विधानसभाओं में मिलाकर कुल 84 प्रत्याशी मैदान में रह गए है। सबसे ज्यादा प्रत्याशी पृथ्वीपुर विधानसभा से मैदान में है।
नाम वापसी की आखिरी तिथि को जतारा विधानसभा छोड़कर शेष चारों विधानसभाओं से नाम वापसी की गई। नाम वापसी के साथ ही बागी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वापस लेने के बाद कुछ सीटों पर भाजपा आ ैर कांग्रेस को राहत होती दिखाई दे रही है। बुधवार को पृथ्वीपुर विधानसभा से भाजपा के बागी उम्मीदवार अनिल पाण्डे एवं गनेशी लाल नायक ने अपने नामांकन वापस ले लिए। अनिल पाण्डे जहां मुख्यमंत्री एवं शीर्ष नेतृत्व से बात होने के बाद नामांकन वापस लेने की बात कह रहे है वहीं गनेशीलाल नायक भी शीर्ष नेतृत्व से चर्चा एवं पार्टी के पक्ष में अपना नामांकन वापस लेने की बात कह रहे है। यह नामांकन वापस होने से अब भाजपा को थोड़ी राहत मिलती दिखाई दे रही है।
भाजपा बागी सपा प्रत्याशी ने छोड़ा मैदान: इसके साथ ही खरगापुर से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुरेन्द्र प्रताप सिंह बेबी राजा द्वारा अपना नामांकन पत्र वापस लेने की चर्चा हर कहीं हो रही है। सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने भी भाजपा से बगावत कर खरगापुर विधानसभा से सपा की साईकिल पर सवार हो गए थे। ऐन मौके पर इनके नामांकन वापस लेने ने सबको चौका दिया है। सपा का सिंबल मिलने के बाद फार्म वापस लेने पर तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही है। इनके फार्म वापस लेने पर इनकी कांगे्रस के साथ जुगलबंदी की बातें भी सामने आ रही है। हालांकि सुरेन्द्र प्रताप सिंह खुद को भाजपा का सिपाही बता कर केन्द्रीय मंत्री उमा भारती के साथ पत्रकारवार्ता कर कारण बताने की बात कह रहे है।
128 ने भरे थे फार्म: विदित हो कि पांचों विधानसभाओं के लिए कुल 128 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। 2 से 9 नवम्बर तक डाले गए इन नामांकन पत्रों की 12 नवम्बर को स्क्रूटनी की गई थी। इसमें टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले की पांचों विधानसभाओं के कुल 30 नामांकन कमियों के चलते निरस्त कर दिए गए थे। इसके बाद 98 प्रत्याशी मैदान में थे। 14 नवम्बर को इनमें से 14 प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद अब 84 प्रत्याशी ही मैदान में शेष बचे है।

वापसी के बाद यह है स्थिति
टीकमगढ़ विधानसभा: बुधवार को नाम वापसी के बाद टीकमगढ़ विधानसभा मेें 17 प्रत्याशी मैदान में रह गए है। बुधवार को सपाक्स के अधिकृत उम्मीदवार बृजकिशोर पटैरिया, सपा से टिकिट न मिलने पर संजय यादव शीलू, आदित्य योगी, मोहन कुशवाहा एवं दलू अहिरवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। यह नामांकन वापस होने के बाद अब कांगे्रस के यादवेन्द्र ङ्क्षसह बुंदेला, भाजपा के राकेश गिरि, बसपा के विनोद कुमार राय, सपा के छक्की लाल कुशवाहा, आम आदमी पार्टी के बीरेन्द्र कुमार बडग़ैयां, जन अधिकार पार्टी से नाथूराम के साथ ही 11 स्वतंत्र प्रत्याशी मैदान में रह गए है।
जतारा विधानसभा: जतारा विधानसभा से किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस नही लिया है। यहां से भाजपा के हरिशंकर खटीक, कांग्रेस समर्थित लोक तांत्रिक जनता दल के विक्रम चौधरी, समाजवादी पार्टी से अनीता खटीक, बीएसपी से द्वारिका प्रसाद अहिरवार, आम आदमी पार्टी से रामदीन, महान दल से रतिराम बंसल, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वतमान विधायक दिनेश अहिरवार के साथ ही 6 अन्य स्वतंत्र प्रत्याशी मैदान में है। जतारा विधानसभा से कुल 12 प्रत्याशी चुनावी दंगल में अपना भाग्य अजमा रहे है।
पृथ्वीपुर विधानसभा: नाम वापसी के बाद पृथ्वीपुर विधानसभा से 19 प्रत्याशी मैदान में है। बुधवार को यहां से भाजपा के बागी गनेशीलाल नायक, अनिल पाण्डे के साथ ही कांग्रेस के बागी राधा रमन पस्तौर ने अपना नामांकन फार्म वापस ले लिया है। पृथ्वीपुर से अब कांग्रेस के बृजेन्द्र सिंह राठौर, भाजपा से अभय प्रताप सिंह यादव, समाजवादी पार्टी से शिशुपाल यादव, बसपा से नंदराम कुशवाहा, नया भारत पार्टी से राहुल, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल से कम्मोद प्रसाद एवं आम आदमी पार्टी से अयोध्या प्रसाद के साथ ही 12 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में ताल ठोक रहे है।
निवाड़ी विधानसभा: बुधवार को नाम वापसी की आखिरी तिथि को निवाड़ी विधानसभा से कांग्रेस के बागी श्रीनारायण रिछारिया के साथ ही शिवांगी यादव ने अपना नामांकन फार्म वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा से अनिल जैन, सपा से मीरा यादव, कांग्रेस से सुरेन्द्र यादव, बसपा से गनेश प्रसाद, भारतीय प्रजा शक्ति पार्टी से अनिल, आम आदमी पार्टी से गोपाल सिंह, सांझी विरासत पार्टी से महेश कुमार, जन अधिकार पार्टी से भगवानदास कुशवाहा, आजाद भारत पार्टी से अच्छेलाल कुशवाहा, प्रगतिशील मानव समाज पार्टी से भगवानदास कोरी के साथ ही 8 स्वतंत्र प्रत्याशी मैदान में है।
खरगापुर विधानसभा: खरगापुर से भाजपा के बागी एवं सपा उम्मीदवार सुरेन्द्र प्रताप सिंह बेबी राजा, निर्दलीय एवं निर्वतमान विधायक चंदा सिंह गौर के पति सुरेन्द्र सिंह गौर, दुर्गा प्रसाद एवं हरिराम यादव ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए है। इसके बाद यहां से 18 प्रत्याशी मैदान में है। नाम वापसी के बाद अब भाजपा के राहुल सिंह, कांग्रेस की चंदा सिंह गौर, बसपा के अजय यादव, जन अधिकार पार्टी के जयराम रजक, भारतीय प्रजा शक्ति पार्टी के रामकुमार, आम आदमी पार्टी की प्रियंका राजा बुंदेला एवं सपाक्स के आशीष कुमार रैकवार के साथ ही 11 स्वतंत्र प्रत्याशी मैदान में है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो