टीकमगढ़

निर्वाचन के लिए अधिगृहित की गई 270 बसें, 300 फोर व्हीलर

जिले का पूरा यातायात प्रभावित हो जाएंगा, आज शाम 5 बजे से सभी बसें अधिगृहित होने से लोगों को कहीं भी आने जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

टीकमगढ़Nov 26, 2018 / 01:34 pm

anil rawat

MP Election 2018

टीकमगढ़. विधानसभा चुनाव में अब दो दिन शेष है। चुनाव को देखते हुए जहां सभी राजनैतिक दलों ने अपना पूरा दमखम लगा दिया है, वहीं प्रशासन ने भी मतदान के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली है। आज शाम को 5 बजे से जहां चुनाव प्रचार थम जाएगा, वहीं प्रशासन भी मतदान के लिए सामग्री वितरण कर, मतदान दलों को पोलिंग बूथ तक भेजने की व्यवस्थाओं में लग जाएगा। चुनाव के लिए प्रशासन ने कुल 270 बसों के साथ ही 300 फोर व्हीलर वाहनों को अधिगृहित किया है। इतनी संख्या में वाहन अधिगृहित होने से जिले की पूरी यातायात व्यवस्था लडख़ड़ा जाएगी।
दो दिन बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। कल मंगलवार से मतदान दलों को सामग्री देकर मतदान केन्द्र के लिए रवाना किया जाएगा। इसके साथ ही आज शाम 5 बजे से ढोल-नगाड़ों एवं ध्वनी विस्तार यंत्रों के उपयोग से साथ होना वाला प्रचार भी थम जाएंगा और प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर संपर्क कर सकेंगे। 28 नवम्बर को होने वाले प्रजातंत्र के महापर्व के लिए अब जहां राजनैतिक पार्टियां पूरी तरह से तैयार है, वहीं मतदाता भी अब चुनाव के लिए हर प्रकार से अपना मन बना चुके है। इसके साथ ही प्रशासन भी शांति पूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए अपनी पूरी तैयारियां कर चुका है।
आज अधिगृहित होंगी बसें: निर्वाचन के लिए मतदान दलों एवं सामग्री को जिले के हर पोलिंग बूथ तक पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा बड़ी मात्रा में वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। प्रशासन को मतदान दलों को रवाना करने के लिए जहां 270 बसों की आवश्यकता है, वहीं 300 फोर व्हीलर वाहन चाहिए। इसके लिए आरटीओ ने जिले के सभी बस मालिकों, चौपहिया वाहन के मालिकों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर दिए है। इन वाहनों का आज शाम तक अधिग्रहण कर लिया जाएगा। जिले में बसें कम होने से आरटीओ ने 70 बसें बाहर से मंगाई है। इन वाहनों में स्कूल बसें भी शामिल है।
प्रभावित होगा यातायात: निर्वाचन के लिए प्रशासन द्वारा जिले की लगभग सभी बसों का अधिग्रहण किया जा रहा है। इससे जिले का पूरा यातायात प्रभावित हो जाएंगा। आज शाम 5 बजे से सभी बसें अधिगृहित होने से लोगों को कहीं भी आने जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। यह समस्या लोगों को लगभग चार दिन तक उठानी पड़ेगी। आज शाम को 5 बजे से बसें अधिगृहित होने के बाद उन्हें निर्वाचन संपन्न होने के बाद जब वह मतदान दलों को लेकर वापस आ जाएंगी तभी छोड़ा जाएगा। ऐसे में 29 नवम्बर की सुबह 12 बजे के बाद ही यातायात बहाल होने की संभावना है।

टे्रन पर रहेगा यात्रियों का दबाब: अधिकांश बसें अधिगृहित होने के बाद लोग झांसी, ललितपुर, छतरपुर या भोपाल जाने के लिए ट्रेन पर ही निर्भर रहेेगे। ऐसे में आगामी दो दिन खजुराहो-झांसी पैसेंजर ट्रेन एवं महामना टे्रन पर यात्रियों का खासा दबाब रहेगा। वहीं जिले में कहीं भी आने-जाने के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में या तो लोग अपने टूव्हीलर का उपयोग करेंगे या अन्य किसी साधन को अपनाएंगे। वैसे जिले से 300 फोर व्हीलर भी अधिगृहित होने से लोगों को किराए के वाहन भी मिलना मुश्किल होगा।
आज से बंद हो जाएंगी शराब दुकानें: निर्वाचन को देखते हुए आज शाम 5 बजे से जिले की सभी शराब दुकानें भी बंद हो जाएंगी। प्रशासन ने 26 नवम्बर की शाम 5 बजे से 28 नवम्बर को मतदान होने तक सभी दुकानों को बंद करने के आदेश दिए है। इसके साथ ही प्रदेश की सीमा से लगी उत्तर प्रदेश की भी वह शराब की दुकानें बंद हो जाएंगी, जो सीमा से 3 किलोमीटर की परधि में आती है। इसके साथ ही प्रशासन एमपी-यूपी की सीमाएं भी सील कर देगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.