कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी किट्टू ग्रेवाल ने कहा कि भाजपा के 15 वर्षों के शासन से जनता परेशान है, इनके झूठे वादों ने जनता का मन तोड़ दिया है। जिससे जनता अब आगामी चुनावों में इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों के दौरान जीतने वाले प्रत्याशियों को मौका देगी। लिधौरा महिला थाना प्रभारी से भाजयुमो पदाधिकारी द्वारा मारपीट के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा पदाधिकारी अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। सत्ता के मद में चूर हैं।
आगामी छह माह बाद कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद ही जनता राहत महसूस करेगी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज कांग्रेस की देन है। अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो महिलाओं को आरक्षण वाला बिल सदन में पारित कराया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष कविता पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और भाजपा के कुशासन के विरूद्ध जनता को कांग्रेस के रूप में सही विकल्प उपलब्ध है। इसलिए इस बार सत्ता परिवर्तन अवश्य होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार 200 रूपए में बिजली उपलब्ध कराने का वादा कर रही है परंतु इसकी भरपाई भी आम जनता से ही होगी।