script9 बजे से पहले ही पुलिस ने रोके रास्तें, बंद कराया बाजार | tikamgarh fight with corona | Patrika News

9 बजे से पहले ही पुलिस ने रोके रास्तें, बंद कराया बाजार

locationटीकमगढ़Published: Apr 02, 2020 02:01:30 pm

Submitted by:

anil rawat

लॉकडाउन को लेकर सख्त हुआ प्रशासन

tikamgarh fight with corona

tikamgarh fight with corona

टीकमगढ़.देश में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एवं महानगरों से वापस आए लौटे मजदूरों के बाद प्रशासन अब लॉकडाउन के प्रति और सजग हो गया है। मंगलवार को पुलिस और प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद हो गया था। आलम यह था कि सुबह 9 बजे के पहले ही पुलिस बाजार की ओर जाने वाले रास्तों पर खड़ी हो गई थी और लोगों को पहले ही रोक लिया। वहीं सुबह 9 बजे पूरा बाजार बंद करा दिया गया।


लॉकडाउन के 8वें दिन मंगलवार को सुबह सिर्फ दो घंटे के लिए बाजार खोला गया। इस दो घंटे में ही बाजार में लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई। बाजार में जमा इस भीड़ को देखकर बिलकुल भी नहीं लग रहा था कि इस समस्या को लेकर लोग जागरूक हो रहे है। वहीं देश के साथ ही प्रदेश में बड़ रही संक्रमित मरीजों की संख्या को लेकर सतर्क प्रशासन ने सुबह से ही सख्ती शुरू कर दी और 9 बजे तक पूरा बाजार बंद कर दिया। पुलिस ने सुबह से ही बाजार जाने वाले प्रमुख रास्तों पर मोर्चा संभाल लिया था।

 

 

एसडीओपी सुरेश सेजवाल जहां सिंधी धर्मशाला के पास बल के साथ मोर्चा संभाले थे, वहीं कोतवाली थाना प्रभारी बाजार पर नजर रखे हुए थे। सिंधी धर्मशाला के पास एसडीओपी ने सुबह 8.30 बजे के लगभग ही लोगों को बाजार जाने से रोकना शुरू कर दिया था। वहीं टीआई आर्य ने भी 8.45 बजे से राशन-पानी दुकानें बंद कराना शुरू कर दी थी। सुबह 9 बजे के बाद एसपी अनुराग सुजानिया खुद बाजार का जायजा लेने निकले। इस दौरान मिले लोगों को उन्होंने घरों में रहने की समझाईश दी।


लोग दिखे लापरवाह: कोरोना की भयावहता से लोगों को जागरूक करने शासन-प्रशासन के तमाम उपाय के बाद भी कुछ लोग अब भी लापरवाह बने हुए है। यह लोग न तो लॉकडाउन के नियम मानते दिख रहे है और न ही सुरक्षा के लिए सोशल डिस्टेंश को समझ रहे है। प्रशासन द्वारा लोगों की सुविधा के लिए प्रतिदिन बाजार खोला जा रहा है। इसके बाद भी लोगों को जैसे ही पता चला कि अब एक-दिन छोड़ एक दिन बाजार खुलेगा लोग फिर से बाजार में उमड़ पड़े। मंगलवार को भी नजाई रोड पर फिर से जाम लगा रहा और लोग एक-दूसरे पर चढ़ते दिखाई दिए। जिस रोग से बचने का एक मात्र उपाय सामाजिक दूरियां है, उसे लेकर भी लोगों की यह लापरवाही समझ से परे बनी हुई है।

 

3 दुकानदारों पर हुई कार्रवाई: लॉकडाउन के नियम का पालन न करने पर पुलिस ने 3 दुकानदारों के खिलाफ धारा 188 के तहत कार्रवाई भी की है। कोतवाली थाना प्रभारी अनिल मौर्य ने बताया कि प्रशासन द्वारा सुबह 7 से 9 तक बाजार खोलने की अनुमति दी गई है। इसके बाद भी लुकमान चौराहे पर अभिषेक साहू 21 वर्ष द्वारा सुबह 9.30 बजे तक पंक्चर की दुकान खोली गई थी। यह दुकान आवश्यक वस्तु में भी नहीं आती है। वहीं आदर्श जैन उम्र 20 वर्ष द्वारा जवाहर चौराहा पर सुबह 9.40 बजे किराने की दुकान खोलकर सामन विक्रय किया जा रहा था। ऐसे ही मोहनगढ़ पुलिस ने भी शंकरगढ़ तिराहे के पास दुकानदार सुनील कोरी 23 वर्ष पर भी कार्रवाई की है।


आज रहेगा टोटल लॉकडाउन: वहीं आज बुधवार को पूरे जिला टोटल लॉकडाउन रहेगा। प्रशासन ने आगामी दिनों में एक दिन छोड़ एक दिन बाजार खोलने के आदेश दिया है। अब बाजार गुरूवार की सुबह 7 से 9 बजे तक खुलेगा। इस दौरान लोग होम डिलेवरी के माध्यम से आवश्यक सामान मंगाने सकेंगे। वहीं सब्जी एवं फल के ठेले भी हर जगह सामान देते रहेंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो