कभी 3 हजार में पूरी रात करती थी डांस:
सपना चौधरी ने गरीबी देखी है। उनके पिता के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी सपना चौधरी पर आ गई। ऐसे में परिवार का पेट पालने के लिए उन्होंने स्टेज पर डांस परफॉर्मेंस करना शुरू कर दिया। शुरुआत में सपना को एक स्टेज प्रोग्राम के मात्र 3 हजार रुपए मिलते थे। धीरे—धीरे उनकी पॉपुलैरिटी बढ़ी और अब वह एक स्टेज प्रोग्राम के लाखों रुपए लेती हैं।
सपना डांसर बनना नहीं चाहती थीं। उनका सपना तो कुछ और था। वह पुलिस इंस्पेक्टर बनना चाहती थीं। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जब वह 12 साल की थीं तो उनके पिता का निधन हो गया और सपना को परिवार के खातिर अपने सपने को भूलना पड़ा।
जहर खाने के बाद हुई मशहूर:
सपना ने स्टेज परफॉर्मेंस करना शुरू कर दिया। इस बीच उनके गाने काफी मशहूर हुए लेकिन एक गाने ने उन्हें जहर खाने पर मजबूर कर दिया। सपना का पहला गाना था ‘सॉलिड बॉडी’। इस बीच एक कार्यक्रम में सपना ने एक रागनी गाई, जिसने उन्हें विवादों में ला दिया। इस रागनी में उन्होंने जातिसूचक शब्द बोले थे। रागनी के बोलों पर आपत्ति जताते हुए हिसार में बहुजन आजाद मोर्चा ने शिकायत दर्ज कराई थी। ये सब होने के बाद एक हरियाणवी म्यूजिक कंपनी ने सपना से नाता तोड़ लिया था। सपना के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी गठित की। फेसबुक पर सपना चौधरी के खिलाफ काफी कुछ लिखा गया। इन सबसे आहत होकर सपना ने जहर खा लिया। हालांकि, सपना की जान बच गई। इसके बाद से वह ज्यादा पॉपुलर हो गईं। सपना अब सुपरस्टार बन चुकी हैं। उनका डांस देखने के लिए लाखों की भीड़ आती है।