टोंक

दशानन का दंभ चूर, बिना आतिशबाजी हुआ रावण दहन

जिलेभर में शुक्रवार को अहंकार और बुराई के प्रतीक रावण के पुतलों का दहन किया गया।
 

टोंकOct 16, 2021 / 07:29 am

pawan sharma

दशानन का दंभ चूर, बिना आतिशबाजी हुआ रावण दहन

टोंक. जिलेभर में शुक्रवार को अहंकार और बुराई के प्रतीक रावण के पुतलों का दहन किया गया। हालांकि गत वर्ष की तरह इस साल भी रावण दहन के समय ना तो कोई समारोह हुआ और ना ही पुतलों में आतिशबाजी की गई। शहर में स्टेडियम के समीप हाट बाजार में रावण, कुम्भकरण व मेघनाथ के पुतलों का दहन पारम्परिक तरीके से किया गया।
बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में शुक्रवार को कोरोना गाइड लाइन के चलते बिना आतिशबाजी के रावण दहन किया गया। स्टेडियम के पास हाट बाजार स्थल पर हुए रावण दहन के साथ कुम्भकर्ण, मेघनाद के पुतलों को दहन किया गया। इस दौरान उपसभापति बजरंगलाल, पार्षद विकास लोदी, रामदेव गुर्जर, राहुल सैनी व अधिकारी मौजूद थे।

पंरपरा निभाई गई

निवाई. विजयादशमी पर्व पर विधायक प्रशांत बैरवा की दखल के बाद कोरोना गाइड लाइन से रावण व कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। उपखंड प्रशासन द्वारा नगरपालिका की ओर से आयोजित किए जाने वाले दशहरा मेला से संबंधित सभी कार्यक्रमों पर रोक लगाई थी।
शहर के लोगों ने विधायक प्रशांत बैरवा को उपखंड प्रशासन द्वारा लगाई रोक की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर विधायक ने परम्परा को कायम रखने के लिए प्रतीकात्मक रूप से विजयादशमी पर पुतलों का दहन करवाने के लिए अपनी टीम को निर्देश दिए। इसके बाद विधायक टीम ने दशहरा मैदान पर रावण-कुंभकरण के पुतले खड़े करवाकर प्रतीकात्मक रूप से दहन करवा कर पंरपरा निभाई गई।
शोभायात्रा निकाली
दूनी. राउमा विद्यालय के खेल मैदान में पंचायत की ओर से बनाए 21 फीट रावण का दहन किया गया।इससे पहले कस्बे में सरपंच राम अवतार बलाई के निर्देशन में भगवान राम की शोभायात्रा निकाली गई, जो रावण दहन स्थल तक पहुंची। उल्लेखनीय है कि बूर्ज के बालाजी मंदिर से भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की शोभायात्रा सजे रथ में बैंड बाजा के साथ निकाली गई।

30 फीट के रावण के पूतले का दहन हुआ
टोडारायसिंह. विजयादशमी पर शुक्रवार को शहर स्थित दशहरा मैदान में 30 फीट के रावण के पूतले का दहन हुआ। कार्यक्रम के तहत कल्याणजी के चौक से रामजी की शोभायात्रा रवाना होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची। बीसलपुर रोड स्थित दशहरा मैदान में परम्परागत तरीके से दशहरा कार्यक्रम में राम-रावण संवाद के बाद बुराई के प्रतीक 30 फीट के रावण के पूतले का विधिवत दहन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पालिकाध्यक्ष भरतलाल सैनी, पूर्व पालिकाध्यक्ष संतकुमार जैन समेत अन्य पार्षदगण मौजूद थे।

पूजा अर्चना कर शोभायात्रा निकाली
पलाई. छीपा के बालाजी मन्दिर से भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान की सवारी निकाली गई। शोभायात्रा बैण्डवादन के साथ बालाजी मन्दिर से सरपंच गोपीलाल मीणा ने पूजा अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। खेल मैदान पहुंचने पर राम हनुमान, राम-रावण संवाद होने के बाद पण्डित द्वारा वैदिक मंत्रों से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम के बाण से 20 फीट दशानन रावण के पुतले का दहन किया गया।
सीमित लोगों का प्रवेश

देवली. अटल उद्यान में विजयदशमी पर्व पर शुक्रवार शाम बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतले जलाए गए, जिसमें सीमित लोगों का प्रवेश एवं आतिशबाजी भी कम रही। शहर में नगर पालिका द्वारा 21 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.