नई दिल्ली: Indian Idol 2020 का आगाज हो चुका है। इस बार देश के हर हिस्से से एक से बढ़कर एक कंटेस्टेंट इसमें नजर आ रहे हैं। यह एक ऐसा मंच है, जिसमें आकर किसी की भी किस्मत बदल जाती है। ऐसे में इस मंच पर आने का मौका कोई भी किसी नहीं छोड़ना चाहता। लेकिन जब बात मां की ममता की आती है तो दुनिया की हर चीज छोटी पड़ जाती है। ऐसा ही कुछ हुआ मुजफ्फरनगर की फरमानी नाज़ के साथ।
अपनी मर्जी से छोड़ा मंच
सोशल मीडिया पर अपने सिंगिस से फेमस हुई फरमानी नाज़ को आपने इंडियन आइडल 2020 के ऑडिशन राउंड में देखा होगा। उनकी गायिकी सुन तीनों जजों ने जमकर तालियां बजाई थीं। लेकिन अब वह इंडियन आइडल का मंच छोड़ चुकी हैं। नवभारत टाइम्स में छपी खबर के अनुसार, फरमानी नाज ने अपनी मर्जी से इंडियन आइडल के मंच को छोड़ा है। इसके पीछे वजह है उनके दो साल के बेटे का ऑपरेशन।
सोफे पर बैठ हवन करने पर Raghav Juyal को किया ट्रोल, एक्टर ने वैसी ही भाषा में दिया जवाब
बोल नहीं पाता बेटा
दरअसल, फरमानी नाज का बेटा बोल नहीं पाता है। ऐसे में यूपी के मेरठ में एक निजी अस्पताल में फरमानी के बेटे का ऑपरेशन हुआ है। जन्म से ही उसके हलक में छेद था। जिसका इलाज चल रहा था। फरमानी जब इंडियन आइडल के शो में थीं तो उन्हें डॉक्टरों ने बेटे के ऑपरेशन के लिए कह दिया। जिसके बाद फरमानी सब छोड़कर बेटे के पास लौट आईं। तीन साल पहले फरमानी की शादी मेरठ के हसनपुर गांव में हुई। दो साल पहले उनके बेटे का जन्म हुआ। लेकिन जन्म के साथ ही बच्चे का हालत नाजुक देखकर ससुराल वालों ने उसे अपनाने से मना कर दिया। जिसके बाद वह अपने एक महीने के बच्चे के साथ वापस मायके लौट आईं।
सोशल मीडिया पर हुईं फेमस
फरमानी को गाने शौक था। ऐसे में उनके गांव के दो लोगों ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना शुरू कर दिया। जिससे वह लोगों के बीच काफी पॉपुलर हो गईं। उनकी आवाज के लोग दीवाने हो गए। जिसके बाद वह इंडियन आइडल के मंच पर पहुंची थीं। उनका सिलेक्शन भी हो गया था लेकिन बेटे के लिए वह सब छोड़कर लौट गईं।