script‘जनता हमारी माई-बाप, मैं हिसाब देने आया हूं’ …70 साल में सत्ता में काबिज कांग्रेस के राज में अंधेरे में रहे : शाह | Amit Shah In Udaipur, BJP President | Patrika News

‘जनता हमारी माई-बाप, मैं हिसाब देने आया हूं’ …70 साल में सत्ता में काबिज कांग्रेस के राज में अंधेरे में रहे : शाह

locationउदयपुरPublished: Sep 19, 2018 08:04:02 pm

Submitted by:

madhulika singh

www.patrika.com/rajasthan-news

amit shah in udaipur

‘जनता हमारी माई-बाप, मैं हिसाब देने आया हूंÓ

डॉ. सुशीलसिंह चौहान/ उदयपुर. हम पाई-पाई और पल-पल का हिसाब देने वाले लोग हैं। राजस्थान की जनता महान है, जिसने केंद्र के पिछले चुनाव में 25 की 25 सीट देकर हमें देश का प्रतिनिधित्व दिया था। अब मैं उसी जनता को उनके लाड़-दुलार का हिसाब देने आया हूं। सत्ता पर काबिज भाजपा की सरकार के चार साल का हिसाब पूछने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट पर कटाक्ष करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि हमसे हिसाब पूछने वालों को 55 साल और चार पीढिय़ों को हिसाब देना चाहिए। मंगलवार को उदयपुर के सविना स्थित कृषि उपज मंडी के अटल सभागार में आयोजित शक्ति केंद्र सम्मेलन में केंद्र प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों एवं प्रदेश के मंत्रियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि 70 साल में सत्ता में काबिज कांग्रेस के राज में अंधेरे में रहे 17 हजार गांवों को उनकी सरकार ने बिजली दी है। केंद्र में रहते हुए भाजपा ने देश का गौरव बढ़ाया है। भाजपा ने हर मोर्चे पर विकास के नए आयाम बनाएं हैं। शाह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ‘अंगद का पांव’ है। इसे कोई नहीं हिला सकता। प्रदेश की वसुन्धरा सरकार ने विकास के कामों के साथ गौरवयात्रा के माध्यम से जनता के बीच उनके कार्यकाल का हिसाब दिया है। केंद्र की तत्कालीन मनमोहन सरकार ने 13वें वित्त आयोग में प्रदेश को महज एक लाख 9 हजार 2 सौ हजार करोड़ दिए थे, जबकि मोदी सरकार ने इस प्रदेश को 14वें वित्त आयोग में 2 लाख 63 हजार 580 हजार करोड़ रुपए देकर विकास की राह को मजबूत किया है। इसके अलावा भी स्वच्छ भारत, कृषि सिंचाई, आवास योजना, मंदिर विकास जैसी ढेरों योजनाओं में केंद्र की सरकार ने विकास के नाम पर बजट देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कांग्रेस के परिवादवाद पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि जिस पार्टी को कार्यकर्ताओं ने बनाया, बढ़ाया और जीताया है। उस पार्टी का नाम भाजपा है।
दाढ़ी-मूंछ और चाय वाला बेटा
डबोक एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक आते समय कार्यकर्ताओं में शामिल दाढ़ी व मूंछ वाले कार्यकर्ता को उनकी यादों का हिस्सा बताते हुए शाह ने कहा कि मुझे मेरे वह दिन याद आ गए, जब पार्टी में उन्हें दायित्व मिला था। एक स्कूली कार्यकर्ता से आज वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कहा कि भाजपा ही है, जिसने चाय बेचने वाले गरीब घर के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाया है।
…विधायक जिताओगे या पार्टी को
उदयपुर के परिप्रेक्ष्य में भाजपा के नाराज गुट की चुटकी लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि नाराजगी रखने को एक संदेश से कहा कि वह चुनाव में विधायक या सांसद को जिताएंगे या फिर पार्टी को जीत दिलाएंगे। उन्होंने गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया का बिना नाम लिए कहा कि उनकी नाराजगी पार्टी यानी मां से नहीं हो सकती। मां से बेटे नाराज नहीं हुआ करते।
मैं हूं भाग्यवान
राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि वह भाग्यवान हैं। जिसके कार्यकाल में कई प्रदेशों में एक साथ सरकार का कार्यकाल पूरा होने के साथ ही चुनाव होने वाले हैं। सबसे कम उम्र का भाग्यवान बताते हुए शाह ने कहा कि उन्हें प्रदेश के चुनाव कराने का मौका मिल रहा है।

भाजपा आई, कांग्रेस गई
देश में पिछले सालों में हुए प्रादेशिक चुनावों में भाजपा की जीत का हवाला देकर पदाधिकारियों में उत्साह भरते हुए अध्यक्ष शाह ने कहा कि हरियाणा में भाजपा आई, कांग्रेस गई। फिर शाह ने महाराष्ट्र, झारखण्ड, कश्मीर, असम, मणिपुर, गोवा, नगालैण्ड, गुजरात, उत्तरांचल, उत्तरप्रदेश, हिमाचल, मेघालय में भाजपा आई बोला, जबकि पदाधिकारी कांग्रेस गई बोलते रहे। आगामी छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलागंना में भी अध्यक्ष शाह ने कांग्रेस को उसे बचाने की चुनौती दी।
5 बार बोला बैठ जाओ
पदाधिकारियों के बीच पहली बार उदयपुर में रूबरू हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष का वर्ताव स्थानीय लोगों के बीच स्थानीय नेताओं सा दिखाई दिया। नारेबाजी के बीच उत्साहित होकर सभा में बार-बार खड़े हो रहे कार्यकर्ताओं को अध्यक्ष शाह ने 5 बार कहा…अरे बैठ जाओ।
READ MORE : Patrika Impact : आखिर, ग्रामीणों को मिला मीठा पानी, फ्लोराइड पानी से मिली मुक्ति.. देखें वीडियो

पौने तीन घंटे का इंतजार
कृषि उपज मंडी में 2.30 बजे प्रस्तावित सम्मेलन में पहुंचने वाले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह करीब पौने तीन घंटे बाद 5.15 बजे सभा स्थल पर पहुंचे। आते ही उन्होंने माइक संभाल लिया। क्षमा मंागते हुए बोले की हैलीकॉप्टर की तकनीकी खामी से देरी हो गई। 5.39 बजे उन्होंने भाषण खत्म किया। 5.47 बजे मंच से उतरे और 5.49 बजे कृषि मंडी परिसर छोड़ दिया।
... फिर बोल गए जय श्रीराम
मंच पर आते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 3 बार भारत माता की जय बोला। इस बीच उन्होंने उदयपुर वालों की जय बोला तो सम्मेलन में बैठे लोगों के बीच से चित्तौडगढ़़ जय की आवाज आई। इस पर बिना देर लगाए शाह ने 2 बार जयश्रीराम बोलकर सभा में जोश भर दिया। अंत में फिर से 3 बार भारत माता की जय और 2 बार वंदे मातरम बोल कर कार्यक्रम का समापन किया।
2 बार सोनिया, 5 बार राहुल बाबा बोले
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी की उपलब्धियों के बाद शाह सीधे कांग्रेस पर निशाना साधते दिखे। कम समय के भाषण में शाह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को 3 बार राहुल बाबा से संबोधित किया। एक बार राहुल गांधीजी और एक बार गांधी जी से संबोधित किया। वहीं 2 बार सोनिया व पायलेट का नाम लिया। कटाक्ष करते हुए अध्यक्ष शाह ने कहा कि राहुल गांधी की आंखों पर इटालियन चश्मा लगा हुआ है।
मनमोहन नहीं, अब मोदी
शाह ने भाषण में मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ को भी आड़े हाथों लिया। मोदी की विदेश यात्राओ ंपर सवाल उठाने वाले कमलनाथ के बहाने उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह पर कटाक्ष किया तो कमलनाथ को विदेशों में मोदी के नाम पर एकजुट होने वाले लोगों का सुर भी सुनाने के प्रयास किए।
दो सोफे, 22 कुर्सी
व्यवस्था के तहत मंच पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, प्रदेश महासचिव चंद्रशेखर, केबीनेट मंत्री किरण माहेश्वरी, श्रीचंद कृपलानी, राज्यमंत्री धनसिंह रावत व सुशील कटारा, बांसवाड़ा-डूंगरपुर सांसद मानशंकर निनामा, चित्तौडगढ़़ सासंद सीपी जोशी, उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा, शहर भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट, देहात भाजपा जिलाध्यक्ष गुणवंतसिंह झाला एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। सभी प्रतिनिधियों के बैठने का क्रम भी तय था।
चर्चाओं का रहा दौर
मंच पर किरण माहेश्वरी की उपस्थिति के बीच गृहमंत्री कटारिया की अनुपस्थिति को लेकर चर्चाएं बनी रहीं। इसी तरह गृहमंत्री के गृह जिले में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर केबिनेट मंत्री नंदलाल मीणा का नहीं आना भी नाराजगी की हवाओं को झोंके देता रहा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो