script

प्रदेश में बांग्लादेश आजादी की 50 वीं वर्षगांठ मनाएंगे शौर्य दिवस के रूप में: मालवीया

locationउदयपुरPublished: Sep 19, 2021 07:52:17 am

Submitted by:

bhuvanesh pandya

– बांग्लादेश की आजादी की 50 वीं वर्षगांठ के अवसर पर होंगे विभिन्न आयोजन

प्रदेश में बांग्लादेश आजादी की 50 वीं वर्षगांठ मनाएंगे शौर्य दिवस के रूप में: मालवीया

प्रदेश में बांग्लादेश आजादी की 50 वीं वर्षगांठ मनाएंगे शौर्य दिवस के रूप में: मालवीया

भुवनेश पंड्या

उदयपुर. बांग्लादेश की आजादी की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय सेना के शौर्य एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साहसिक निर्णय एवं बांग्लादेश मुक्ति संग्राम में कांग्रेस नेताओं के योगदान को लेकर आयोजन समिति के प्रदेश संयोजक महेंद्रजीत सिंह मालवीया शनिवार को पत्रकारों से मुखातिब हुए। इससे पूर्व बांग्लादेश की आजादी की 50वीं वर्षगांठ समारोह समिति के शहर जिला संयोजक पंकज कुमार शर्मा ने मालवीया का स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में मालवीया ने कहा कि देश को आजाद कराने में कांग्रेस पार्टी का बहुत बड़ा योगदान है। कांग्रेस के अनगिनत नेताओं ने देश को आजादी दिलाने में अपने प्राणों की आहुति दी है। आजादी के बाद पूर्वी पाकिस्तान में हो रहे अत्याचारों एवं नृशंस हत्याओं के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने पूर्वी पाकिस्तान को अलग कर बांग्लादेश का निर्माण किया। इस युद्ध में भारतीय सेना ने अपने अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तानी सेना को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी की अगुवाई में भारतीय सेना ने वीरता का प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश निर्माण किया। इसे लेकर बांग्लादेश मुक्ति की 50 वीं वर्षगांठ पर समिति साल भर शौर्य दिवस के कार्यक्रम आयोजित करेगी। अक्टूबर के पहले सप्ताह सभी जिलों में ये आयोजन होंगे। इसमें युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिक और उनके परिजन शामिल होंगे।
मालवीया ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी और जनता को यह बताना है, कि इस देश के निर्माण में कांग्रेस का कितना बड़ा योगदान है। आजादी की जंग में आरएसएस का कोई योगदान नहीं था। पंजाब में आतंकवाद को खत्म करने के लिए इंदिरा गांधी ने अपनी जान दे दी, लेकिन खालिस्तान नहीं बनने दिया। देश की एकता और अखंडता के लिए प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपना बलिदान दे दिया था। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि आज देश के प्रधानमंत्री, भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कांग्रेस पार्टी से सवाल पूछते हैं कि उन्होंने देश के लिए क्या किया है। यही वजह है कि हमने प्रदेश भर में अभियान चलाने का निर्णय किया है। पंकज शर्मा ने बताया कि प्रदेश संयोजक मालवीया के निर्देशानुसार जिला स्तर पर आयोजन का कैलेंडर तैयार कर लिया है। इस अवसर पर बांग्लादेश की आजादी की 50 वीं वर्षगांठ समारोह के पोस्टर का विमोचन किया गया।

ट्रेंडिंग वीडियो