उदयपुर

भाजपा : हर चीज के लिए केन्द्र पर अंगुली उठाना बंद करो

राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह व केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने लिया कांग्रेस को निशाने पर, वल्लभनगर में सीएम ने अभी अपनी हार स्वीकार कर ली है

उदयपुरOct 28, 2021 / 09:40 am

Mukesh Hingar

राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह

उदयपुर. भाजपा नेताओं ने प्रदेश की गहलोत सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस नेता हर चीज के लिए केन्द्र सरकार को कोसना बंद करें। उनको बार-बार मोदी सरकार को अंगुली दिखाना बंद करना चाहिए और अपनी सरकार से कुछ राहत राजस्थान की जनता को देनी चाहिए।
यहां पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह व केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रदेश की गहलोत सरकार को निशाने पर लिया। अरुण सिंह ने कहा कि सीएम गहलोत एक कदम आगे बढ़े और पेट्रोल-डीजल पर अपने खजाने से जनता को सब्सिडी देकर राहत तो दें। केन्द्र सरकार ने तो अपने कोटे में इतनी छूट दी, लेकिन अब थोड़ा तो राज्य सरकार को भी जनता के लिए आगे आना होगा। अरुण सिंह ने सीएम के वल्लभनगर में भाजपा चौथे नंबर के बयान पर कहा कि सीएम यह बोल रहे हैं इसका सीधा सा मतलब यह है कि उन्होने अभी अपनी हार स्वीकार कर ली है।
राजस्थान के युवा यूपी में बताएंगे कांग्रेस की हकीकत, प्रियंका के संकल्प वैसे ही जैसे कर्जे माफी और बेरोजगारी भत्ते: अरुण सिंह

उन्होंने कहा कि राजनीतिक पंडित भी जानते हैं कि ये बयान बार-बार देने का मतलब कांग्रेस कमजोर हो गई है। अरुण सिंह ने भाजपा के बागी उदयलाल डांगी को लेकर एक सवाल पर कहा कि उनको समझाया था कि पार्टी के साथ काम कीजिए, लेकिन उनका मूल स्वभाव ही अलग था और अलग लाइन में चल रहे थे, जो पार्टी लाइन से अलग जाकर विरोध में जाते हंै, उनकी क्या हालत होती है यह सब जानते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, चाहे वह मुद्दा बिजली, पानी, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का हो या किसानों का कर्ज माफ करना हो। अपराधों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है।
भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला ने वल्लभनगर उपचुनाव के पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। चित्तौडगढ़़ सांसद सीपी जोशी, प्रदेश महामंत्री भजनलाल, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली, अजमेर नगर निगम के उपमहापौर नीरज जैन, महामंत्री गजपाल सिंह राठौड़ आदि उपस्थित थे।
केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि भाजपा के उम्मीदवार हिम्मत सिंह अपने क्षेत्र की कोई समस्या केन्द्र के पास लाएंगे तो उनको पूरा करने का पूरा प्रयास करेंगे, इस क्षेत्र में डेयरी की अपार संभावना है , दूध का पाउडर बनाना हो और युवाओं को स्कील डवलपमेंट के कोर्स खोल कर उन्हे आत्म निर्भर बनाना, जैसे कार्य की योजना बना कर इस क्षेत्र में विकास कार्य किए जाएंगे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.