उदयपुर

घर-घर पूजे जाएंगे विघ्नहर्ता , गणेशोत्सव की धूम आज से

घर-घर पूजे जाएंगे विघ्नहर्ता, गणेशोत्सव की धूम आज से

उदयपुरSep 01, 2019 / 10:38 pm

Pramod

घर-घर पूजे जाएंगे विघ्नहर्ता , गणेशोत्सव की धूम आज से,घर-घर पूजे जाएंगे विघ्नहर्ता , गणेशोत्सव की धूम आज से

 
उदयपुर. गणेश चतुर्थी पर्व सोमवार को श्रद्धा से मनाया जाएगा। शहर के विभिन्न गणपति मन्दिरों में सुबह से विविध अनुष्ठान होंगे, वहीं श्रद्धालु शुभ मुहूर्त में प्रथम आराध्य गजानन को घर लाकर स्थापित करेंगे। मंडलों और भक्तों ने गणेश उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली है।
गणेश चतुर्थी पर बोहरा गणेश मंदिर पर मेला भी भरेगा। पुजारी ने डॉ. रोशनलाल जोशी ने बताया कि गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में रविवार रात को मंदिर में भजन संध्या हुई। चतुर्थी पर सोमवार सुबह 5.15 बजे अभिषेक, 5.30 बजे मंगला के दर्शन व आरती, ७ बजे स्वर्ण आंगी का शृंगार, 10.15 बजे यज्ञ हवन, 12.15 बजे ध्वजारोहण, दोपहर 12.30 बजे शृंगार आरती व शाम 7.30 बजे संध्या आरती होगी। बाद में रात 12.15 बजे शयन आरती होगी।
उन्होंने बताया कि देर रात तक भगवान के दर्शन खुले रहेंगे। भक्तों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। चतुर्थी पर बोहरा गणेश मन्दिर को विशेष फू लों व रंग बिरंगे कपड़ों व लाइट से सजाया गया है। मंदिर क्षेत्र में मेले के लिए डोलर-चकरी व स्टॉलें लग गई हैं। व्यवस्थित दर्शन के लिए बेरिकेडिंग लगाई गई है।
जाडा गणेश मंदिर के पुजारी डॉ. देवेन्द्रपुरी गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में सुबह 4 बजे मंगला दर्शन एवं दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में आरती होगी। शाम को 7.30 बजे महाआरती के बाद देर रात तक दर्शन खुले रहेंगे। पाला गणेश के पुजारी बाबूलाल नागदा ने बताया कि सुबह 5.15 बजे मंगला दर्शन के बाद सुबह ७.१५ बजे आरती होगी। दिन भर हवन, पूजन, भजन-कीर्तन के साथ ही विविध अनुष्ठान होंगे। शाम ७ बजे को महा आरती होगी। देर रात तक दर्शन खुले रहेंगे।
इसी प्रकार मल्लातलाई स्थित दूधिया गणेश मंदिर पर व्यापार संघ की ओर से भक्ति संध्या होगी। संघ के महामंत्री योगी अशोक जैन ने बताया कि गणेश प्रतिमा की विशेष आंगी की गई है। मंदिर परिसर पर सजावट की गई है। शाम 7.15 बजे आरती होगी। इसके बाद भजन संध्या होगी। हाथीपोल स्थित मावा गणेश, खटीकवाड़ा स्थित पंचमुखी गणेश मन्दिरों में भी विशेष अनुष्ठान होंगे।
कई घरों में भी होगी स्थापना

गणेश चतुर्थी से अनन्त चतुर्थी तक चलने वाले अनुष्ठान को लेकर सोमवार को घर-घर में गणपति प्रतिमा की प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके लिए छोटे से लेकर बड़ी गणेश प्रतिमाओं की बुकिंग हो चुकी है, जिनकी शुभ मुहूर्त में लाकर घरों में प्रतिष्ठा की जाएगी।
जगह -जगह सजे पांडाल

घंटाघर स्थित महाराष्ट्र गणेश मंडल की ओर से लकड़ी की गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएगी जिसको लेकर पांडाल सजाया गया। बापू बाजार में स्वास्तिक विनायक गणपति मंडल की ओर से उदयपुर चा राजा महोत्सव में सोमवार को गणपति बप्पा की स्थापना होगी। मंडल के वैभव अग्रवाल ने बताया कि शाम 7 बजे आतिशबाजी के साथ गणपति बप्पा की स्थापना होगी। इस अवसर पर मंदसौर से ढोल कलाकार प्रस्तुति देंगे। शहर में कई जगह सूरजपोल, धानमंडी, भोपालवाड़ी, अशोकनगर, भूपालपुरा, हिरण मगरी आदि जगह पर पांडाल सजाकर गणपति की स्थापना की जाएगी।

Home / Udaipur / घर-घर पूजे जाएंगे विघ्नहर्ता , गणेशोत्सव की धूम आज से

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.