दिन में शहर के कई हिस्सों में हल्की से तेज खंड वृष्टि हुई। चेतक सर्किल पर जब 10 मिनट मूसलाधार बारिश हुई, उसी दौरान अशोकनगर में एक बूंद तक नहीं गिरी। सुबह शोभागपुरा मार्ग पर बूंदाबांदी हुई लेकिन विश्वविद्यालय मार्ग सूखा था। शाम को भीतरी शहर, फतहपुरा, बडग़ांव क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। इस बारिश से दिनभर की उमस से लोगों को राहत महसूस हुई।
मानसून का पांचवां दौर होगा सक्रिय
मौसम एवं भूगोल विशेषज्ञ प्रो नरपतसिंह राठौड़ ने बताया कि मानसून का पांचवां चरण अगले दो दिन में सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग के उपग्रह चित्रों के अनुसार मेवाड़ वागड़ में बारिश हो सकती है। अरब सागरीय शाखा का मानसून कोकण तट पर पुन: सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी का मानसून आंध्रप्रदेश-ओडिशा के समीप सक्रिय हो गया। इसका प्रभाव अगले दो दिनों में उत्तर, उत्तर पश्चिम क्षेत्र में बरसात होने की संभावना है।
पूरी तरह सतर्क पानी की आवक के हिसाब से ही लबालब हुई झीलों का पानी आगे छोड़ा जा रहा है। अभी लेवल बना रखा है, बारिश की संभावना देखते हुए पूरी नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी तरह की मुश्किल स्थिति का सामना नहीं करना पड़े।
विनीत शर्मा, एक्सईएन सिंचाई विभाग