उदयपुर

आचार्य भगवंतों का गाजे बाजे से हुआ नगर प्रवेश

महोत्सव पर आज निकलेगा वरघोड़ा

उदयपुरJan 29, 2020 / 01:56 am

Pankaj

आचार्य भगवंतों का गाजे बाजे से हुआ नगर प्रवेश

उदयपुर . थूर में तीर्थंकर विमलनाथ स्वामी के नवनिर्मित जिनालय के प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत मंगलवार को आचार्य भगवंतों का गाजे बाजे चतुर्विद संघ के साथ नगर प्रवेश हुआ। प्रतिष्ठा महोत्सव के तीसरे दिन बुधवार को भगवान का दीक्षा कल्याणक का नगर में वरघोड़ा निकाला जाएगा।
महोत्सव के मुख्य संयोजक कुलदीप नाहर ने बताया कि मंगलवार को आचार्य पद्मभूषण सुरिश्वर, आचार्य निपूणरत्न सुरिश्वर आदि ठाणा, साध्वी कीर्तिरेखाश्री आदि ठाणा का प्रवेश हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए नवनिर्मित जिनालय पहुंचे, जहां चेत्य वंदन किया गया। आचार्य ने प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत श्रावक-श्राविकाओं को प्रतिष्ठा के संबंध में समझाया। कहा कि भगवान ने जो कहा वह अपने मन में स्थापित कर उसके अनुसार अपनी जीवनशैली में अपनाना चाहिए ताकि अपने जीवन का चहुंमुखी निखार हो सके। इससे पूर्व नागेश्वर रियावनवाला ने संगीतमय सामूहिक गुरुवंदन किया। ट्रस्ट अध्यक्ष सिद्धार्थ चौधरी ने स्वागत उद्बोधन दिया।
सचिव सुरभि चौधरी ने बताया कि मन्दसौर के विधिकारक नागेश्वर ने दोपहर में वैदिक पूजन, प्रभु स्थापना, नवग्रह-दश दिकपाल-अष्टमंगल पूजा (पाटला पूजन), नाकोड़ा भैरव पूजन धूमधाम से पढ़ाई गई। भगवान विमलनाथ के स्तवन व तवन भी गाकर पूरे माहाल को भक्तिमय कर दिया। शाम को कुमारपाल राजा द्वारा 108 दीपक की महाआरती गई।
आज के आयोजन
सहसचिव अनीश कोठारी ने बताया कि बुधवार को सुबह 9 बजे भगवान की रथयात्रा थूर में निकाली जाएगी। दोपहर 12.30 बजे अट्ठारह अभिषेक महापूजन होगा। विमलनाथ भगवान का दीक्षा कल्याणक एवं प्रभु की भव्य आंगी के साथ ही मेहंदी व सांझी का कार्यक्रम होगा। मुख्य प्रतिष्ठा गुरुवार को धूमधाम से होगी।
जैनेश्वरी दीक्षा कार्यक्रम
आचार्य 108 श्री वैराग्य नन्दी ससंघ के सेक्टर-14 में प्रवास के दौरान गुरुवार को दो भव्य जैनेश्वरी दीक्षा होगी। मंगलवार को दीक्षार्थियों की बिन्दोली निकाली गई। शोभयात्रा मार्ग पर पुष्पवृष्टि कर अभिनन्दन किया गया। बुधवार शाम 7 बजे से दीक्षार्थियों के मेहंदी, हल्दी, गोद भराई कार्यक्रम महावीर भवन में होगा। अध्यक्ष भंवर लाल मुण्डलिया, महामंत्री भूरीलाल जैन ने बताया कि गुरुवार को द्वय आचार्य के पदारोहण दिवस, संघस्थ साधुओं दीक्षा दिवस तथा मुनि नन्दी के केशलोच का कार्यक्रम होगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.