बड़ी होली, सिटी पैलेस में रोपी होली मेवाड़ की परम्परानुसार माघ माह की पूर्णिमा को शहर के बड़ी होली क्षेत्र और सिटी पैलेस में होलिका रोपण किया गया। बड़ी होली क्षेत्र में परंपरा के अनुरूप होली का डांडा रोपा गया। सिटी पैलेस के माणक चौक में धर्मसभा के सदस्यों एवं पुरोहित जी की उपस्थिति में विधि-विधान व मंत्रोच्चार के साथ सायंकालीन मुहूर्त में होलिका रोपण किया गया। महाराणा मेवाड़ चेरिटेबल फाउण्डेशन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भूपेन्द्र सिंह आउवा ने बताया कि मेवाड़ के प्रमुख त्योहारों में होलिका उत्सव का विशेष महत्व रहता है। होलिका रोपण से ही मंदिरों में ठाकुरजी के सम्मुख फागण के गीत सुनाये जाते हैं तथा एक माह बाद फाल्गुन शुक्ल की पूर्णिमा को होलिका दहन किया जाएगा।
ठाकुर जी को धराया काछनी, टाेपी मुकुट जगदीश मंदिर के पुजारी हुकमराज व रामगोपाल ने बताया कि पूर्णिमा के मौके पर प्रभु को पंचामृत के साथ स्नान कराया गया। फिर शृंगार में काछनी या घेरदार धारण कराया। मस्तक पर टोपी मुकुट का शृंगार कर तरह-तरह के पकवान का भोग लगाया गया। इसी दिन से फाग के रसिया का गायन भी शुरू हो गया। प्रभु को राजभोग में गुलाल धारण कराने की परंपरा निभाई गई। इधर, श्रीनाथजी की हवेली में भी होली रोपी गई। साथ ही ठाकुरजी काे विशेष शृंगार धराया गया।
