scriptपहले पत्थर बरसाए या गोली चली, उलझी गुत्थी | police news- shot- confused knot-Ramesh Patel murder case | Patrika News

पहले पत्थर बरसाए या गोली चली, उलझी गुत्थी

locationउदयपुरPublished: Jul 16, 2019 03:56:48 pm

Submitted by:

madhulika singh

नामजद नहीं थे उन्हें भी उठाया था, हर पहलू पर हुई जांच पुलिस का आरोप: हाइवे जाम कर ग्रामीणों ने पहले किया पथराव ग्रामीणों को आरोप: पुलिस ने महिलाओं पर भांजी थी लाठियां

Ramesh Patel murder case

पहले पत्थर बरसाए या गोली चली, उलझी गुत्थी

उदयपुर. चर्चित रमेश पटेल हत्याकांड के मामले में जावरमाइंस थाना पुलिस ने तीन दिन में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही उन सब लोगों को भी उठाया था, जिनके परिजनों और ग्रामीणों ने मौखिक तौर नाम बताए थे।हत्या के पीछे अवैध शराब के कारोबार में मुखबिरी का संदेह व पैसों की लेन देन बात सामने आई थी। पुलिस की इस पूरी कार्रवाई से पहले ग्रामीण संतुष्ट थे, लेकिन बाद में उन्होंने अन्य आरोपियों की लिप्तता भी बताते हुए सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर कलक्टर को ज्ञापन देने का मानस बनाया। ज्ञापन को लेकर ग्रामीण झरियाना में एकत्र हुए। इस बीच बातचीत के दौरान माहौल गरमा गया और लोगों ने हाई-वे जाम करने का फैसला लिया। पुलिस का आरोप है कि उन्होंने भीड़ को रोकने के प्रयास किए। तभी महिलाओं को आगे कर कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। दूसरी ओर ग्रामीणों की माने तो पुलिस ने पहले महिलाओं पर लाठियां भांजी। इसके बाद माहौल खराब हो गया। पुलिस के अधिकारी इस मामले में अभी मौके पर बनाए गए वीडियो को देख जांच में जुटे है।
5 वाहन फूंके, कई वाहनों के फोड़े शीशे
हाई-वे जाम देख पुलिस ने ग्रामीणों को रोका तो पथराव हुआ। इस बीच अनियंत्रित भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने हवाई फायर किया। आंसू गैस के गोलों का भी सहारा लिया। इससे हालात नियंत्रण में आने की बजाए और बिगड़ गए। आक्रोशित भीड़ ने सराड़ा थाने की जीप, पुलिस लाइन की मिनी बस व एक बाइक को आग लगा दी। उदयपुर से अतिरिक्त बल के अलावा सलूम्बर, झल्लारा, सेमारी, गींगला, परसाद थाने से जाप्ता मौके को पहुंचा। एएसपी ग्रामीण, सलूम्बर, सराड़ा के उपाधीक्षक भी मौके पर गए। भीड़ ने उनके वाहनों के शीशे भी फोड़ दिए। दो किलोमीटर मार्ग पर पत्थर व पेड़ के तने डालकर जाम लगा दिया। इस बीच बांसवाड़ा व डूंगरपुर से आई रोडवेज की दो बसों को भी आग लगा दी। बाद में पुलिस ने भीड़ को काबू किया।
दो ग्रामीण व 15 पुलिसकर्मी घायल

फायरिंग में सल्लाड़ा निवासी बाबूलाल पुत्र रतना पटेल व महुड़ी सराड़ा निवासी देवीलाल पुत्र केवा पटेल घायल हो गया, जबकि पथराव में जावरमाइंस थानाधिकारी भरत योगी, सराड़ा थानाधिकारी रतनसिंह, झल्लारा थानाधिकारी शिवसिंह व सेमारी थानाधिकारी मुकेश कुमार सहित 15 पुलिसकर्मियों को चोटें आई। झल्लारा थानाधिकारी शिवसिंह, हेड कांस्टेबल कन्हैयालाल, महिला कांस्टेबल भगवती व कांस्टेबल अशोक व एक ग्रामीण को एमबी चिकित्सालय में भर्ती कराया।
हिरासत में 100
घटना के बाद पुलिस ने देर रात तक 100 जनों को हिरासत में लिया है। वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी के आधार पर पथराव, तोडफ़ोड़, व आगजनी में शामिल लोगों की चिन्हित कर पुलिस गिरफ्तारी में जुटी है। दो मामले भी दर्ज हुए हैं। पुलिस पर हमला, तोडफ़ोड़ व सार्वजनिक व सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा रोडवेज बसों में आग लगाने का दर्ज किया है।
देर रात तक डटे कलक्टर-एसपी
घटना के बाद कलक्टर आनंदी व एसपी कैलाशचन्द्र विश्नोई देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने ग्रामीणों के बीच समझाइश के प्रयास किए। रात को स्थिति पर नियंत्रण हुआ। विषम परिस्थितियों को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात रहा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो