script

उदयपुर में कांग्रेस का ‘लॉकडाउन’…

locationउदयपुरPublished: May 21, 2020 12:56:12 pm

Submitted by:

Mukesh Hingar

शहर कांग्रेस की वीसी के जरिए कोई बैठक तक नहीं हुई, भाजपा ने सात से ज्यादा तो बैठकें की, दूसरी गतिविधियां अलग

Congress-BJP

Congress-BJP

मुकेश हिंगड़ / उदयपुर. भले ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हो लेकिन उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी का संगठन मृत सा पड़ा है। भाजपा ने लॉकडाउन की अवधि में करीब सात से ज्यादा वीसी के जरिए संवाद कर दिया लेकिन शहर कांग्रेस की बात करें तो उनके पास शून्य के अलावा कुछ नहीं है। भाजपा को जहां गुलाबचंद कटारिया जैसे वरिष्ठ नेता का लाभ व दिशा मिल रही है वहीं कांग्रेस नेतृत्वविहीन नजर आ रही है।
असल में जब से लॉकडाउन हुआ तब से कांग्रेस संगठन पूरी तरस से निष्क्रिय है। शहर कांग्रेस तो पूरी तरह से खामोश है। डीसीसी की एक बैठक वीसी के जरिए नहीं हुई और न किसी से सम्पर्क है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से जब बातचीत की तो बोले कि नाम नहीं आए और दु:खी मन से बोले कि कांग्रेस की ऐसी दुगति शहर में हो रही है लेकिन कर क्या सकते। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष गोपाल शर्मा के नेतृत्व में कोई वीसी नहीं हुई, पदाधिकारी बोले कि भाजपा से ही सीख लेकर करनी चाहिए थी। शहर में कांग्रेस के पास पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. गिरिजा व्यास का नेतृत्व भी है लेकिन कार्यकर्ताओं से संवाद नहीं के बराबर हुआ है, चुनाव के बाद इनका संवाद निरंतर शिथिल पड़ता जा रहा है। भाजपा की बात करे तो कटारिया, उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, शहर अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली व भाजयुमो पूरी तरह से सक्रिय है। भाजपा शहर ने सबसे बड़ा बीड़ा उठाया जरूतमंदों के लिए भोजन वितरण करने का, इसके तहत प्रत्येक मंडल ने काम किया और सुबह-शाम जरूरतमंदों को भोजन पहुंचाया।

प्रदेश नेतृत्व मौन
उदयपुर शहर में कांगेस की स्थिति को लेकर प्रदेश कांग्रेस को पूरी जानकारी है लेकिन वे अपनी राजनीतिक दबाव व मजबूरियों के चलते मौन साधे हुए है। इससे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में दबे स्वर में विरोध है।

बैठक तो नहीं की पर सबसे सम्पर्क में हूं : शर्मा
ऐसी बात नहीं है। मै सभी से फोन पर सम्पर्क हूं लेकिन डीसीसी की बैठक तो वीसी से नहीं कर पाए। हमारे पार्षद व वर्कर सेवा कार्य में लगे है। प्रवासियों की मदद भी हम कर रहे है। गिरिजा व्यास ने भी पार्षदों से बातचीत की है। राशन सामग्री व मास्क भी बंटवाएं। जरूरतमंदों तक रसद विभाग के जरिए भी मदद पहुंचाई।
– गोपाल शर्मा, अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी

संगठन पूरा सक्रिय है, कार्यकर्ताओं ने सेवा की : श्रीमाली
हमने बड़ा काम यह किया शहर में अलग-अलग मंडलों की टीमों ने करीब 2 लाख भोजन के पैकेट वितरित कराए। इसके अलावा संगठन के स्तर पर तो बहुत काम हमारी टीमें कर रही है, इस बंद में भी मोबाइल के जरिए पार्टी की गतिविधियां, संवाद सब कुछ हो रहा है। हमारी टीम नियमित कार्य कर रही है।
– रवीन्द्र श्रीमाली, अध्यक्ष शहर भाजपा

ट्रेंडिंग वीडियो