script

जिस घर में बर्तन होंगे वहां बजेंगे ही, उदयपुर में कांग्रेस मजबूत स्थिति में : जाट

locationउदयपुरPublished: Jan 14, 2022 12:02:33 pm

Submitted by:

Sandeep Purohit

प्रदेश के राजस्व मंत्री एवं उदयपुर के प्रभारी मंत्री रामलाल जाट से पत्रिका की बातचीत

rajasthan revenue minister ram lal jat

rajasthan revenue minister ram lal jat

सवाल : आपको उदयपुर के प्रभारी मंत्री बने एक महीना हो गया, क्या बड़ी उपलब्धि है।
जाट : मैंने यहां सबकी बात सुनी, शिविरों में गया, जनता व संगठन के बीच बैठा। कुछ समस्याएं लम्बे समय से थी तो मैंने स्पष्ट कह दिया कि नियमों में संशोधन करना होगा तो करेंगे, लेकिन जनता को राहत देनी होगी। अब मुद्दा उदयपुर की पेराफेरी की पंचायतों में पट्टों का था, जिसको ठीक करने के लिए हमने मुख्यमंत्री तक बात रखी और उसमें पूरे प्रदेश की ऐसी पंचायतों को राहत दिलाई है।

इनवेस्ट समिट से उदयपुर को क्या फायदा होगा?

जाट : जो एमओयू हुए, उसका फायदा रोजगार से लेकर व्यापार तक आएगा। मैं कहना चाहता हूं कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उद्योग नीति 2019, सबसे बेहतर नीति है। दूसरे राज्यों से भी लोग निवेश के लिए यहां आ रहे हैं। सरकार ने घोषणा पत्र में जो वादे किए, वे निभा रहे हैं।
सवाल : कोरोना संक्रमण उदयपुर में भी तेजी से बढ़ रहा है, क्या तैयारी है?
जाट : सरकार व प्रशासन की तो सभी तैयारियां है, लेकिन कोरोना के लिए सबको तैयार रहना है। हमेशा मास्क लगाने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग रखनी होगी। राज्य सरकार की गाइड लाइन की पालना करनी होगी। प्रशासन ने हॉस्पिटल में चाक-चौबंद प्रबंध कर रखे हैं।

सवाल : उदयपुर कांग्रेस बिखरी हुई है, भंग करने के बाद नई डीसीसी नहीं बनाई, निगम में नेता प्रतिपक्ष नहीं है, पार्षद अलग-अलग चल रहे हैं?

जाट : मेवाड़ी में कहावत है कि जिस घर में बर्तन होते हैं, वहां बजते ही हैं, जिसके पास नहीं हो, उसके क्या बजेंगे। ब्लॉक से लेकर डीसीसी मजबूत स्थिति में है। अच्छा काम कर रहे हैैं। निगम में नेता प्रतिपक्ष सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां जल्द होगी।
सवाल : उदयपुर में पहाडिय़ों को काटा जा रहा है, सरकारी एजेंसियां मौन है?
जाट : इस पूरे मामले को मैं दिखवाता हूं और ऐसा नहीं हो, ऐसे प्रयास करते हुए पाबंद जरूर करेंगे।


सवाल : आपके महकमे राजस्व में तहसीलों से लेकर पटवारियों तक के कई पद रिक्त हैं?
जाट : यह स्थिति आज से नहीं है। बरसों से चली आ रही है। सरकार ने प्रमोशन भी किए हैं। कई भर्तियां भी की है। हम आइटी को लेकर विभाग को और मजबूत कर रहे हैं।
सवाल : पांच साल होने आए बर्ड पार्क नहीं बन सका, बायोलॉजिकल पार्क का दूसरे चरण आगे नहीं बढ़ा है।
जाट : बर्ड पार्क का मामला गंभीर है, इतना समय कैसे लग रहा है, इसको लेकर पूरी जानकारी लेता हूं और इस काम को करवाया जाएगा। बायो पार्क को लेकर भी पूरी फाइल देखता हूं।

सवाल : पिछोला झील में गिरने वाले सीवरेज को पूर्व में कलक्टर ने चिह्नित किए, लेकिन आज भी स्थिति कई जगह खराब है।

जाट : यह अच्छी बात है कि चिह्नित किए, आगे भी काम होगा। मैं एक बात कहना चाहता हूं कि ‘हाकम जाता है, हुक्म नहीं जाता’, इस पर काम करेंगे। स्मार्ट सिटी का कुछ अंश नगर निगम का शेयर नहीं हो पा रहा है, इन सभी विषयों को लेकर चेक करवाते हैं।
सवाल : राजस्व मंडल अजमेर में पहले जो एसीबी के मामले आए, उसके बाद से उसे ठीक करने को लेकर क्या कर रहे हैं?
जाट : करप्शन करने वालों के लिए अलग से विभाग बना है, जो अपनी कार्रवाई करता है। वैसे मुख्यमंत्री गहलोत ने चेयरमैन को निर्देश दिए हैं कि मंडल में काम समय पर हो। मामलों का निस्तारण जल्दी से किया जाए। तय समय पर काम हो, ऐसा प्रयास कर रहे हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो