उदयपुर

रात का पारा 2-3 डिग्री गिरा तो चमकी सर्दी

मौसम में तेजी से आया बदलाव, किसानों ने शुरू की बुवाई

उदयपुरOct 29, 2020 / 02:23 am

Pankaj

रात का पारा 2-3 डिग्री गिरा तो चमकी सर्दी

मेनार. उच्च हिमालयी क्षेत्र सहित पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद यहां भी ठंड का अहसास बढ़ गया है। मेनार व आसपास के क्षेत्र में सुबह-शाम ठंड का अहसास होने लगा है। यहां मंगलवार को न्यूनतम पारा 16 डिग्री तक गिर गया, वहीं अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास है। पिछले 2 दिनों के मुकाबले अधिकतम तापमान में 1 डिग्री व न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आई है।
उत्तर भारत में हुई बर्फबारी व राजस्थान में नमी कम होने के साथ उत्तरी-पश्चिमी हवा शुरू हो चुकी है, जिससे मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है। क्षेत्र में खेत खलिहानों में अल सुबह हल्का कोहरा छाने लगा है। हाइवे के समीप वाले माल क्षेत्र में ठंड का असर ज्यादा है, ऐसे में यहां आसपास में लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं।
ठंड की दस्तक के साथ रबी की बुवाई ने भी जोर पकड़ लिया है। अन्नदाता रबी फसलों की बुआई में जुटे हुए हैं। साथ ही नवंबर की शुरुआत तक सरसों व चने की बुआई, गेहूं व जौ की बुआई नवंबर के अंत तक की जा सकेगी। कृषि अधिकारी मदनसिंह शक्तावत ने बताया कि अभी तक 3075 हैक्टेयर क्षेत्र में रबी की बुवाई हो चुकी है।

Home / Udaipur / रात का पारा 2-3 डिग्री गिरा तो चमकी सर्दी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.