उदयपुर

महाराणा प्रताप लोगों के दिलों से नहीं हटेंगे, सरकार अपनी चिंता करें : पूनिया

भाजपा की वर्चुअल रैली में गडकरी से पहले बोले प्रदेश अध्यक्ष

उदयपुरJun 28, 2020 / 12:13 pm

Mukesh Hingar

जयपुर में रैली शुरू होने से पहले दीप प्रज्ज्वलित करते प्रदेश अध्यक्ष पूनिया।

मुकेश हिंगड़ / उदयपुर. भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने कहा प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है, दिनोंदिन अपराध बढ़ रहे है। प्रदेश में महिलाएं एवं बालिकाएं सुरक्षित नहीं है।
यह बात शनिवार को केन्द्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की उदयपुर, कोटा व अजमेर संभाग की वर्चुअल रैली के दौरान पूनिया ने कही। उन्होंने कहा कि खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधायक की कीमत 35 करोड़ रुपए बताई थी और विधायकों को 10 दिन तक होटल में कैद रखा, जिसकी वजह पार्टी और सरकार में आंतरिक कलह थी। डॉ. पूनियां ने कहा कि उदयपुर में हमारे कार्यकर्ताओं को महाराणा प्रताप की जयंती को नहीं मनाने दिया गया, उनकी मूर्ति से मालाएं उतार ली गई और उसके दो दिन पहले राजीव गांधी जयंती को मनाया गया। उन्होंने पुस्तकों से महाराणा प्रताप के तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करने को लेकर कहा कि प्रताप लोगों के दिलों से नहीं हटेंगे, सरकार अपनी चिंता करें।
नितिन गडकरी का कांग्रेस से सवाल : राजस्थान का निर्माण हुआ तब कितनी सडक़े बनी और हमारे 6 साल में कितनी…

केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल आदि ने भी संबोधित किया। उदयपुर से विस नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, सांसद अर्जुनलाल मेघवाल, राजसमंद से सांसद दीया कुमारी, चित्तौडगढ़़ से सांसद सीपी जोशी, बांसवाड़ा से सांसद कनकमल कटारा ने शिरकत की। शहर में 70 ही वार्डोँ सहित 100 जगह एलसीडी लगाकर गडकरी को सुनने कार्यकर्ता जुड़े। महिला मोर्चा की ओर से करीब 12 जगह लाइव टेलीकास्ट किया गया। पार्टी कार्यालय में कटारिया, सांसद मीणा, जोशी, कटारा, शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली, देहात जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, विधायक फूलसिंह मीणा, महापौर जीएस टांक, उप महापौर पारस सिंघवी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य ताराचंद जैन, पूर्व विधानसभाध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, संभाग प्रभारी प्रमोद सामर, सविना में पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश भट्ट आदि शामिल हुए। इसके अलावा मंडलों, वार्डों में भी गडकरी को सुना गया।

Home / Udaipur / महाराणा प्रताप लोगों के दिलों से नहीं हटेंगे, सरकार अपनी चिंता करें : पूनिया

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.