script

एक होकर बोले युवा और बच्चे- उठो, जागो और आगे बढ़ो

locationउदयपुरPublished: Jan 12, 2019 10:48:14 pm

Submitted by:

Sushil Kumar Singh

जिले भर में मनाई स्वामी विवेकानंद जयंती

udaipur

एक होकर बोले युवा और बच्चे- उठो, जागो और आगे बढ़ो

उदयपुर. स्वामी विवेकानंद की 156वीं जयंती को लेकर युवा वर्ग में उत्साह देखते ही बना। युवा संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य संगठनों ने विशेष दिन पर उठो, जागो और आगे बढ़ों का संकल्प दोहराया। इस कड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उदयपुर महानगर की ओर से वाहन रैली निकाली गई। इसकी शुरुआत भूपालपुरा स्थित संगठन कार्यालय से हुई और समापन सुविवि परिसर स्थित विवेकानंद प्रतिमा स्थल पर हुआ। महानगर मंत्री सोहन डांगी के नेतृत्व में युवाओं ने रैली में हिस्सा लिया और सुविवि कुलपति को ज्ञापन सौंपा। विवि इकाई अध्यक्ष महिपालसिंह देवड़ा, वेदांग अग्रवाल, गजेंद्रसिंह राणा, पायल कलासुआ, हिमांशु बागड़ी सहित अन्य मौजूद थे।
इधर, भाजपा राणा प्रताप मंडल की ओर से आयड़ स्थित विवेकानंद प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि दी गई। महापौर चंद्रसिंह कोठारी, मीडिया प्रभारी कृष्णकांत कुमावत, भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष कुंतीलाल जैन, महामंत्री किरण जैन, रजनी डांगी,पारस सिंघवी, मनोहर चौधरी एवं अन्य ने विचार व्यक्त किए। संचालन महामंत्री संजीव जैन ने किया।
प्रदेश के खेल व युवा मंत्रालय, राजस्थान युवा बोर्ड, राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मंडल, नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में जिला स्तरीय समारोह में बतौर अतिथि एडीएम संजय कुमार ने विचार व्यक्त किए। सहायक राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) मानमहेन्द्र सिंह भाटी, जिला युवा समन्वयक पवन कुमार अमरावत एवं अन्य पदाधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। संचालन महेश जोशी ने किया।
हिरण मगरी सेक्टर 3 में विवेक पार्क विकास समिति की ओर से आयोजित समारोह को जनार्दनराय नागर राजस्थान विद्यापीठ डिम्ड टू बी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसएस सारंगदेवोत ने संबोधित किया। बतौर अतिथि वरिष्ठ नागरिक संस्थान अध्यक्ष भंवर सेठ, वक्ता विपिन पारीख, समिति अध्यक्ष गौरीशंकर आमेटा, सचिव दिलखुश सेठ ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कॅरियर डे मनाया
इधर,आरके पुरम व स्वामी नगर स्थित ‘द स्कॉलर्स एरिनाÓ इंग्लिश मीडियम सीनियर सैकंडरी स्कूल की दोनों शाखाओं में जयन्ती को कॅरियर डे के तौर पर मनाया गया। शुभारंभ संस्थान निदेशिका डॉ. शर्मिला जैन ने किया। कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विवेकानंद की जीवनी संबंधित प्रसंग पेश किए। संचालन दीपश्री आमेटा एवं मित्तल व्यास ने किया। इधर, अनुष्का एकेडमी टीम ने एकलिंगपुरा, शोभागपुरा, देवाली, चिरवाए गोवर्धन विलास, टीडीए जगदीश चौक, सविना, अम्बामाता, कानपुर, मादरी, देबारी एवं अन्य जगहों पर १० हजार विद्यार्थियों को कॅरियर डे की जानकारी दी। आयोजन सुमतिलाल बोहरा के निर्देशन में हुआ। संयोजन अनुष्का एकेडमी के निदेशक राजीव सुराणा का रहा। आलोक संस्थान, सेक्टर-11 में विवेकानन्द जयंती पर पुष्पांजलि व आरती हुई। संस्थान निदेशक डॉ. प्रदीप कुमावत ने विचार व्यक्त किए। कुल १०१ दीपक से आरती का आयोजन आकर्षक रहा।
ऐश्वर्या मेरिटोरियस अवार्ड
ऐश्वर्या महाविद्यालय की ओर से ऐश्वर्या मेरिटोरियस अवार्ड कार्यक्रम हुआ। अरवाना मॉल में आयोजित समारोह में 34 सरकारी व गैरसरकारी विद्यालयों के लगभग 160 विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया। उपप्राचार्या रक्षा शर्मा, कार्यक्रम प्रभारी शमील शेख एवं अन्य मौजूद थे।
मिरण्डा सीनियर सेकण्डरी स्कूल में ५१ विद्यार्थियों ने विवेकांनद की वेशभूषा में प्रेरक वाक्यों की पेशगी दी। शुभारम्भ विद्यालय निदेशक दिलीप सिंह यादव ने किया। प्राचार्या मोना पालीवाल ने विचार व्यक्त किए।

इन्होंने भी किया नमन
रामकृष्ण मिशन व स्वामी विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में शास्त्री सर्किल स्थित केंद्र में हुए कार्यक्रम को डॉ कमल सिंह राठौड़, मनोज नागदा, कमल पुरोहित, बीपी पालीवाल ने संबोधित किया। केंद्र की ओर से भूपालपुरा स्थित बाउमावि में आयोजन आकर्षक रहा। इधर, हिरण मगरी सेक्टर ४ स्थित विद्या निकेतन विद्यालय में सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रही। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की जिला शाखा उदयपुर की ओर से हिरण मगरी सेक्टर. 3 स्थित विवेक पार्क में आयोजित कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार भटनागर, महामंत्री सतीशचंद्र भटनागर एवं अन्य ने संबोधित किया। राउमावि बलीचा, महावीर विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय, द प्रेज पब्लिक स्कूल में आयोजनों के माध्यम से स्वामी विवेकानंद को नमन किया गया।

ट्रेंडिंग वीडियो