उदयपुर. अम्बामाता थाना क्षेत्र के बडग़ांव में पंचायत समिति के आसपास बाइक सवार उचक्कों ने एक दंपती को लूटने का नाकाम प्रयास किया। उचक्कों ने महिला के कंधे पर लटके पर्स की लेस को चाकू से काट दिया और छीनने का प्रयास किया। उचक्के पर्स नहीं छीन पाए तो धक्का मारकर दंपती को गिरा दिया। घटना सत्यम शिवम सुंदरम निवासी अभिेषक हिरण के साथ हुई। वे गुरुवार शाम करीब पांच बजे पत्नी और बेटी के साथ शहर से घर लौट रहे थे। बडग़ांव पंचायत समिति से कुछ पहले हल्दीघाटी हाउस के पास पीछे से एक बाइक पर दो उचक्के आए। इनमें से एक ने बाइक को बराबर चलाते हुए चाकू से पर्स की लेस काट दी और ले जाने का प्रयास किया। अभिषेक को उचक्कों की करतूत दिखी तो विरोध किया। इससे बाइक बेकाबू हुई और तीनों गिर गए। परिवार के गिरते ही संभालने के लिए लोग दौड़ पड़े। ऐसे में बदमाश पर्स लिए बिना ही भाग छूटे। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस संबंध कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। पुलिस ने लूटपाट का प्रयास होने से इनकार किया है।