उदयपुर

दूसरी बार बेटी जन्मी, मां ने मौत को लगा लिया गले

अवसाद में महिला ने लगाया फंदा

उदयपुरJun 17, 2021 / 01:00 pm

Pankaj

दूसरी बार बेटी जन्मी, मां ने मौत को लगा लिया गले

उदयपुर. सुखेर थाना क्षेत्र के डांगियों का गुड़ा में रहने वाली विवाहिता ने डेढ़ माह पूर्व एक बेटी को जन्म दिया। दूसरी बार भी बेटी होने से वह इतना अवसाद में आ गई कि फंदा लगाकर जान दे दी।
पुलिस ने बताया कि डांगियों का गुड़ा सुखेर निवासी सीमा (28) पत्नी उदयलाल डांगी की मौत हुई। उसने डेढ़ माह पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था, तब से वह पीहर शोभागपुरा में ही थी। सीमा के पहले से तीन साल की बेटी है। दूसरी बार भी बेटी होने से वह अवसाद में चल रही थी। बुधवार को पीहर पक्ष के लोग कामकाज से खेत व बाड़े में गए थे। वह घर पर अकेली थी। घर में ही फंदा लगा लिया। घर लौटे परिजनों ने बेटी का शव लटका देखा तो हतप्रभ रह गए। उसे निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस पहुंची और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपा।
इधर,विवाहिता ने दी जान
गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र के काया फला उमिया घाटी में विवाहिता ने तनाव के चलते घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि काया फला उमिया घाटी निवासी संगीता (21) पत्नी रमेश मीणा की मौत हुई। वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी। सास ने बहू का शव लटका देखा तो परिजनों को बताया। विवाहिता का पति आया और उसे अस्पताल ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पीहर पक्ष के लोग आए और जांच की मांग की तो पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। संगीता की शादी को सात वर्ष पूरे नहीं होने के कारण मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.