scriptउदयपुर शहर भाजपा में युवाओं की टीम, नई कार्यकारिणी में कई वरिष्ठों को नहीं लिया | udaipur New Executive Of Bjp, rajasthan bjp, udaipur latest news | Patrika News

उदयपुर शहर भाजपा में युवाओं की टीम, नई कार्यकारिणी में कई वरिष्ठों को नहीं लिया

locationउदयपुरPublished: Jun 05, 2020 11:08:18 am

Submitted by:

Mukesh Hingar

लॉकडाउन से अटकी थी कार्यकारिणी, 19 की कार्यकारिणी में 7 महिलाएं

BJP

BJP

मुकेश हिंगड़ / उदयपुर. भारतीय जनता पार्टी शहर जिला की कार्यकारिणी गुरुवार को घोषित कर दी गई। बड़ी बात यह है कि इस कार्यकारिणी में पार्टी ने ज्यादातर युवाओं को जिम्मेदारियां दी है। पिछली कार्यकारिणी के कई वरिष्ठों को फिर से अवसर नहीं दिया गया तो कुछ को शामिल किया गया। प्रदेश के तय मापदंडों के तहत महिलाओं, एसटी व एससी वर्ग को भी प्रतिनिधित्व दिया गया। 19 जनों की कार्यकारिणी में 7 महिलाओं को शामिल किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद से कार्यकारिणी का इंतजार था। पार्टी ने कवायद् भी शुरू की लेकिन कोविड-19 के चलते लॉकडाउन लागू हो गया तो मामला अटक गया। गुरुवार को भाजपा शहर अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली ने कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। पार्टी ने जातिगत समीकरण बिठा सोशल इंजीनियरिंग की झलक दिखाते हुए कार्यकारिणी में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री एवं 8 मंत्री मनोनीत किए हैं। कार्यकारिणी में वरिष्ठ पदाधिकारी कुंतीलाल जैन, राजेन्द्र बोर्दिया, युधिष्ठिर कुमावत, रजनी डांगी, ललित मेनारिया, गणेश व्यास, रमेश जीनगर, डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री आदि को शामिल नहीं किया। पार्टी ने पूर्व विधायक वंदना मीणा, राजकुमार चित्तौड़ा, करणसिंह शक्तावत व सुशील जैन को फिर से कार्यकारिणी में शामिल किया है।

इनको दी जिम्मेदारी
– उपाध्यक्ष : प्रेमसिंह शक्तावत, तख्तसिंह शक्तावत, अतुल चंडालिया, हंसा माली, राजकुमार चित्तौड़ा, विजयलक्ष्मी कुमावत, वंदना मीणा व देवीलाल शर्मा
– महामंत्री : डॉ किरण जैन, गजपाल सिंह राठौड़ व मनोज मेघवाल
– मंत्री : उषा डांगी, सपना कुर्डिया, सुभाषिनी शर्मा, करणसिंह शक्तावत, भरत पूर्बिया, अमृत लाल मेनारिया, दीपक बोल्या, सुशील जैन
तीनों महामंत्री के बारे में जाने

– डॉ किरण जैन : जैन चौथी बार शहर भाजपा में महामंत्री बनी है। नगर निगम में भवन अनुमति समिति अध्यक्ष, यूआईटी ट्रस्टी रह चुकी, पार्टी में कई पदों पर काम किया।
– गजपाल सिंह राठौड़ : छात्र राजनीति से निकले राठौड़ भाजयुमो के अभी प्रदेश उपाध्यक्ष है। भाजयुमो के संभाग के प्रभारी रह चुके, और भी कई जिम्मेदारियां निभा चुके
– मनोज मेघवाल : पार्टी का युवा चेहरा, पहले विस्तारक रहते हुए अच्छा काम किया। पार्षद का टिकट भी दिया, जीत नहीं पाए थे। पार्टी में सक्रिय होने का फायदा मिला।

तीन मंडल अध्यक्ष प्रमोट, तीन के परिवार वाले पार्षद
भाजपा ने पूर्व में मंडल अध्यक्ष रहे तीन जनों को प्रमोट कर कार्यकारिणी में लिया। इसमें कटारिया के रिश्तेदार अतुल चंडालिया, दीपक बोल्या व अमृतलाल मेनारिया। बोल्या व मेनारिया की पत्नी अभी नगर निगम में पार्षद भी है। नगर निगम की पूर्व समिति अध्यक्ष हंसा माली को भी कार्यकारिणी में लिया, उनके पति भी पार्षद है। देहात भाजपा अध्यक्ष व गिर्वा प्रधान रहे तख्तसिंह को भी उपाध्यक्ष पद दिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो