VIDEO : भोले के जयकारों से गूंजा शहर
- महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शहर हुआ शिवमयी
- शोभायात्रा में दिखाई दी तिरंगी छटा
धीरेंद्र्र् जोशी/उदयपुर. शिव दल मेवाड़ की ओर से महाशिवरात्रि के एक दिन पूर्व शहर में शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान शिव भक्ति के साथ ही देश भक्ति का नजारा भी दिखाई दिया। युवाओं ने देशभक्ति गीतों पर जयकारे लगाते हुए तिरंगे लहराए।
दोपहर सवा बारह बजे अभिजीत मुहूर्त में भगवान शिव की महाआरती की गई। इसके बाद शिव दल प्रमुख मनोज मेहता, वीरमदेव सिंह कृष्णावत, यदुराज सिंह कृष्णावत, अशोक सिंह चौहान, राम सिंह झाला, कालू सिंह ने ओम पताका दिखाकर शोभायात्रा को टाउन हॉल से रवाना किया। शिवयात्रा में सबसे आगे प्रभु गणपति की झांकी थी। इसके बाद भारतीय सेना के शौर्य को दर्शाती झांकी के साथ ही विभिन्न भगवान और बारह ज्योतिर्लिंगों और देशभक्तों की झांकियां शामिल थी। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: टाउन हॉल पहुंची और धर्मसभा में परिवर्तित हो गई। कार्यकर्ता द्वारा पहने हुए केसरिया साफों ने शिवयात्रा में केसरिया छटा बना दी।
कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
शिवदल कार्यकर्ता देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगा रहे थे। इसके साथ ही अधिकांश कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा था। जिसे पूरे मार्ग में लहराया गया।
जगह-जगह हुआ स्वागत
शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह स्वागत किया गया। कई जगह ज्योतिर्लिंगों की आरती उतारी गई। इसके साथ ही समाज सेवियों, संस्थाओं आदि ने काउंटर लगाकर जलपान करवाया और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
अखाड़ा प्रदर्शन किया
शिव दल व्यायामशाला के पहलवानों ने मार्ग में जगह-जगह हैरतअंगेज करतब दिखाए। छोटे बच्चों ने जुडो कराटे का प्रदर्शन किया। पहलवानों और बच्चों के प्रदर्शन की लोगों ने काफी प्रशंसा की।
धर्मसभा में बताई शिवरात्रि की महिमा
शिवयात्रा सायं 4 बजे टाउन हॉल पहुंचकर धर्मसभा के रूप में परिवर्तित हुई। धर्मसभा का प्रारम्भ भारत माता की आरती और वन्देमातरम राष्ट्रगीत के साथ हुई। धर्मसभा में शामिल साधुसंतों और शिव दल पदाधिकारियों ने भगवान शिव और शिवरात्रि की महिमा के बारे में बताया। इस अवसर पर उपस्थित हजारों शिव दल कार्यकर्ताओं को राष्ट्रधर्म की सुरक्षा का संकल्प दिलाया। अंत में शिव दल कार्यकर्ताओं का समाजहित में उल्लेखनीय सेवा देने पर सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। धर्मसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, जिनेन्द्र शास्त्री, गोपाल नागर, भरत वैष्णव, अजेश सेठी, संदीप सिंघटवाडिय़ा आदि मौजूद थे।
अब पाइए अपने शहर ( Udaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज