उदयपुर. दो साल की मायूसी मिटने के बाद उल्लास परवान पर था। घरों से लेकर मंदिरों तक आध्यात्म के सागर की हिलौरें उठ रही थी, वहीं केसरिया पताकाओं का दृश्य मानो उगते सूर्य की चमक का आभास करा रहा था। अभिजीत मुहूर्त में प्राचीन रामदरबार मंदिर में घंटियों की आवाज और जयकारे गूंज उठे, वहीं तोप की गरजन ने प्रभु जन्म की खुशियों का आभास कराया। मानो हर दिशा में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्म की खुशियां छाई हुई थी।
राम नवमी पर्व रविवार को धूमधाम से मनाया गया। शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा अनुष्ठान, आरती सहित विशेष आयोजन हुए। मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना के साथ ही सुंदरकांड पाठ हुए। चांदपोल हनुमान घाट स्थित सीता रघुनाथ मन्दिर में राम जन्मोत्सव पर महाआरती हुई। दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। भगवान के बाल स्वरूप को झूले में झुलाया गया। परिसर में तोप दागकर खुशी जाहिर की गई। पंचदेवरिया स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में यज्ञ अनुष्ठान हुए। बजरंग बली प्रचार समिति की ओर से यज्ञ और महाआरती हुई।
--- शोभायात्रा में भगवा रंग श्रीराम सेना और श्रीराम बजरंग सेना की ओर से शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा टाउनहॉल से सूरजपोल, अस्थल मंदिर, मार्शल चौराया, लखारा चौक, धानमंडी, देहलीगेट, कोर्ट चौराहा, अशोकनगर, यूनिवर्सिटी रोड, बोहरा गणेशजी होते हुए गंगू कुंड पहुंची। भगवान राम के झांकियां सजाई गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा, वहीं पुलिस अधिकारियों की भी मौजूदगी रही।
---- यहां भी चला आयोजनों का दौर - बिलोचिस्तान पंचायत व सनातन धर्म सेवा समिति की ओर से रामायण अखंड पाठ, हवन, महाआरती के बाद आतिशबाजी की। नानकराम कस्तूरी, सुरेश कटारिया, विजय आहुजा, हेमंत गखरेजा, मनोज कटारिया, नरेंद्र कथूरिया आदि मौजूद थे।
- नृसिंहद्वारा मीठारामजी मंदिर रावजी का हाटा पर रामनवमी उत्सव मनाया गया। महंत हर्षितादास ने बताया कि ठाकुरजी की षोडशोपचार पूजा कर नवीन वस्त्र, शृंगार धराया, वहीं पेड़े-पंजीरी का भोग धराया गया। झूले की सेवा की गई।
- सेवार्थ योग, आयुर्वेद एवं यज्ञ संस्थान की ओर से डॉ. भूपेन्द्र शर्मा के पुरोहित्व में सेक्टर 6 स्थित संस्थान यज्ञशाला में यज्ञ हुआ। यज्ञानुष्ठान के बाद योगाचार्य देवाराम राजपुरोहित की ओर से प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास करवाया।
- अशोक नगर विकास समिति की ओर से हनुमान मंदिर में वृंदावन वाले संत कृष्णानंद के सानिध्य में भजन कीर्तन किए गए। अध्यक्ष संपत जोशी, पूर्व अध्यक्ष गणेश डागलिया, शशि शर्मा मौजूद थे। - हिरणमगरी सेक्टर-11 आलोक संस्थान स्थित श्रीराम मंदिर में भक्त मण्डली की ओर से सुन्दर कांड पाठ किया गया। संस्था निदेशक डॉ. प्रदीप कुमावत, मनोज कुमावत, निश्चय कुमावत और धु्रव कुमावत ने आरती की।
- श्रीराम भगवा सेना फाउंडेशन, महादेव सेना की ओर से दूध तलाई स्थित नव दुर्गा मंदिर में वैदिक मंत्रोचार के साथ हवन किया गया। प्रदीप श्रीमाली, राजेन्द्र सिंह भाटी, ओम तोषनीवाल, रौनक सिंह भाटी, संजय नुवाल आदि मौजूद थे।
- रामभक्त उपासक मंडल और दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर महाकाल की ओर से उत्सव मनाया गया। प्रवीण शर्मा ने बताया कि भक्तजनों की ओर से अखंड रामायण पाठ किया गया। दक्षिण मुखी मंशापूर्ण हनुमान मंदिर में भी आयोजन हुए।