scriptउदयपुर जिले में तीन नई पंचायत समितियां, ऐसे होगा खाका | udaipur-reorganization-and-proposal-of-newly-created-gram-panchayat | Patrika News

उदयपुर जिले में तीन नई पंचायत समितियां, ऐसे होगा खाका

locationउदयपुरPublished: Aug 03, 2019 11:37:27 pm

Submitted by:

Mukesh Hingar

पंचायतों के पुनर्गठन का प्रस्ताव तैयार, 29 अगस्त तक दे सकते आपत्तियां

मुकेश हिंगड़ / उदयपुर. पंचायतीराज की इकाइयों की संख्या जिले में बढऩे वाली है। पंचायतों के पुनर्गठन पर काम पूरा करते हुए नई पंचायत समितियों व ग्राम पंचायतों के गठन पर प्रस्ताव तैयार कर दिए गए है। इन प्रस्तावों पर आपत्तियों को सुनने के बाद राजपत्र में इनका प्रकाशन किया जाएगा। बड़ी बात यह है कि उदयपुर जिले में वल्लभनगर, देवला व नयागांव को नई पंचायत समितियां तो 113 नई ग्राम पंचायतों का गठन प्रस्ताव में किया है। पंचायतों के पुनर्गठन को लेकर जिला प्रशासन ने इस कार्य को अंतिम रूप देते हुए मंगलवार को तैयार किए प्रारूप प्रस्ताव को सार्वजनिक कर दिया। इन प्रस्तावों को संबंधित मुख्यालयों पर भी भेजा गया है। नई पंचायत समितियों व ग्राम पंचायतों के प्रस्तावों पर आपत्तियों की अवधि पूरी होने के बाद प्रस्ताव सरकार को भेजे जाएंगे।

राजनीतिक समीकरण तेज
पंचायतों के पुनर्गठन के साथ ही राजनीतिक समीकरण भी तेज हो गए है और सब अपने हिसाब से अपनी गोटियां बिठा रहे है। कई नए गांव जो पंचायत बने वे अपनी दावेदारी को लेकर पहले ही अपनी टीम के साथ काम करना शुरू कर दिया है। वहीं नई पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर भी नजरें बढऩे लगी है। ये अलग बात है कि प्रस्तावों पर सरकार की मुहर लगने के बाद ही अंतिम निर्णय हो पाएगा।

नई पंचायत समितियों को जाने
1. वल्लभनगर : भींडर पंचायत समिति में से ग्राम पंचायतों को बांटकर वल्लभनगर पंचायत समिति बनाने का प्रस्ताव लिया है। इसमें भींडर की 24 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। विधानसभा चुनाव में वल्लभनगर को पंचायत समिति बनाने को लेकर बड़ा मुद्दा रहा था।
2. देवला : कोटड़ा पंचायत समिति से तोडक़र देवला को पंचायत समिति बनाया गया है। इसमें कोटड़ा की 21 ग्राम पंचायतों को देवला में शामिल किया गया है। आदिवासी क्षेत्र कोटड़ा की दूरी को देखते हुए अब दो पंचायत समितियां होती है तो विकास का बड़ा फायदा होगा
3. खेरवाड़ा : खेरवाड़ा पंचायत समिति को तोडक़र नयागांव नई पंचायत समिति बनाई जा रही है। इसमें खेरवाड़ा की 24 ग्राम पंचायतों को नयागांव में शिफ्ट किया है। खेरवाड़ा पंस. भी लम्बे-चौड़े क्षेत्र में फैले होने से परेशानियां थी, अब सुविधा बढ़ेगी।

इनका कहना है…
पंचायतीराज विभाग के निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं के पुनर्गठन का कार्य कर दिया है। प्रारूप के अनुसार आपत्तियां हमे भिजवा सकते है। हमने सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार व पंचायत समितियों को सूची भेज दी है।
– नरेश बुनकर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन)
– 17 अभी कुल पंचायत समितियां है
– 03 नई पंचायत समितियां प्रस्तावित की
– 544 कुल ग्राम पंचायते जिले में
– 113 नई ग्राम पंचायते बनाई
– 657 कुल ग्राम पंचायतें हो गई

नई ग्राम पंचायतों की तस्वीर समझे सूची में
पं.स. … ग्राम पंचायते थी … नई बनाई … अब कुल पंचायते
गिर्वा… 36… 8… 44
बडग़ांव… 25… 4… 29
गोगुंदा… 26… 5… 31
मावली… 49… 00… 49
भींडर… 52… 01… 29 (53 में से 24 वल्लभनगर में शिफ्ट)
लसाडिय़ा… 19… 03… 22
सलूंबर… 32… 07… 39
सराड़ा… 34… 09… 43
खेरवाड़ा… 45… 12… 33 (57 में से 24 नयागांव में शिफ्ट)
झाड़ोल… 31… 07… ३८
कोटड़ा… 44… 23… 46 (67 में से 21 देवला में शिफ्ट)
सेमारी… 24… 01… 25
झल्लारा… 22… 06… 28
सायरा… 25… 09… 34
फलासिया… 28… 04… 32
कुराबड़ … 24… 04… 28
ऋषभदेव… 28… 10… 38
वल्लभनगर… नई… नई… 24
देवला… नई… नई… 21
नयागांव… नई… नई… 24
कुल … 544… 113… 657
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो