scriptउज्जैन के सेवाधाम आश्रम से पांच लड़कियां फरार, आश्रम में हड़कंप | 5 girls absconding from Ujjains Sewadham Ashram | Patrika News

उज्जैन के सेवाधाम आश्रम से पांच लड़कियां फरार, आश्रम में हड़कंप

locationउज्जैनPublished: Dec 27, 2017 05:23:41 pm

Submitted by:

Lalit Saxena

लड़कियों ने पुलिस को बताया कि आश्रम में अक्सर उनके साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें खाना भी नहीं मिलता था।

patrika

crime,girls,assault,police,ujjain news,nagda,Ashram,

उज्जैन/नागदा। ग्राम अंबोदिया स्थित सेवाधाम आश्रम से बुधवार सुबह ५ लड़कियां आश्रम की दीवार फांदकर फरार हो गई। हालांकि पांचों लड़कियों को नागदा से पकड़ लिया गया है। लड़कियों के आश्रम से भागने की खबर से आश्रम में हड़कंप मच गया।

आश्रम में होती थी मारपीट
नागदा में पकड़ाने के बाद लड़कियों ने पुलिस को बताया कि आश्रम में अक्सर उनके साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें खाना भी नहीं मिलता था। परेशानी के कारण ही वे वहां से भाग कर आई है।

कई वर्षों से रह रही थीं
सेवाधाम आश्रम में आश्रम में कई वर्षों से रह रही पांच लड़कियां मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात करीब ३.३० बजे आश्रम की छत से होकर दीवार फांदकर फरार हो गई। आश्रम प्रबंधन को सुबह करीब ५ बजे घटना की जानकारी मिली और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के जिलों में सूचना दी। वहीं आश्रम से भागने के कुछ घंटे बाद ही नागदा जीआरपी ने पांचों लड़कियों को उज्जैन-दाहोद ट्रेन से पकड़ लिया। इनमें से एक लड़की को छोड़कर शेष सभी मूक-बधिर हैं।

पुलिस के सामने बयां किया दर्द
पांचों लड़कियों से जब जीआरपी, महिला सशक्तिकरण की टीम पूछताछ कर रही थी, तब इन लड़कियों ने अपना दर्द बयां किया। आश्रम से भागी मंजू, प्रिया, गौरी, श्रावनी और प्रेमा ने पुलिस को बताया कि आश्रम में अक्सर उनके साथ मारपीट की जाती थी और समय पर खाना भी नहीं मिलता था। इस कारण वे वहां से भाग कर आई है। मंगलवार को पांचों ने योजना बनाई और करीब ३.३० बजे आश्रम की दीवार कूद कर फरार हो गई।

३ किलोमीटर पैदल चलीं, फिर लिफ्ट लेकर उज्जैन स्टेशन आई
लड़कियों ने बताया कि आश्रम से निकलने के बाद वे सभी करीब ३ किलोमीटर तक पैदल चलीं। यहां से वे नईखेड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहां से उन्होंने एक कार में लिफ्ट ली और फिर वहां से उज्जैन स्टेशन तक पहंचीं। उज्जैन-दाहोद ट्रेन में सवार हो गई। हालांकि नागदा में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

प्रबंधन ने कहा नहीं रखती थीं अनुशासन
मामले में आश्रम प्रबंधन का कहना है कि पांचों लड़कियां आश्रम के नियमों और अनुशासन का पालन नहीं करती थीं। पांचों लड़कियां आश्रम प्रबंधन पर शादी कराने का दबाव भी बना रही थीं। सभी अनुशासन तोड़ते हुए स्वच्छंद घूमने की आदि हैं, इसके लिए कई बार आश्रम प्रशासन ने उन्हें फटकार भी लगाई है। आश्रम प्रबंधन का कहना है कि प्रिया पूर्व में दो-तीन बार भागने का प्रयास कर चुकी है और इस बार भी उसने ही शेष लड़कियों को बहकाया और वहां से भाग गई।

टीम ने पांच घंटे तक की पूछताछ
नागदा. सेवाधाम आश्रम उज्जैन से बुधवार सुबह फरार हुई 5 लड़कियों को नागदा जीआरपी ने सुबह 7 बजे उज्जैन-दाहोद ट्रेन से पकड़ा। लड़कियां मूक-बधिर हैं। जिस कारण जीआरपी ने पूछताछ के लिए उज्जैन से महिला सशक्तिकरण व अन्य विभाग की टीम को बुलाया। एसपी द्वारा गठित भेजी गई टीम ने लगभग 5 घंटे निरंतर लड़कियों से पूछताछ की। लड़कियों ने बयान में कहा आश्रम में उन्हें खाना टाइम पर व अच्छा नहीं मिलता था। कई बार मारपीट हुई। लड़कियों ने योजना बनाकर आश्रम से भागने का निर्णय लिया। लड़कियां लगभग 3 किलोमीटर पैदल चलकर नई खेड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहां से एक कार में लिफ्ट लेकर उज्जैन रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां से वे उज्जैन-दाहोद ट्रेन में सवार हुई। आश्रम प्रबंधन को इसकी सूचना सुबह 4.30 बजे लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के आस-पास के सभी स्टेशन व पुलिस थानों को अवगत कराया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो